जशपुर में 51.48 करोड़ रुपये से बनेंगी दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां, 225 परिवारों को मिलेगा घर

  • Admin
  • Oct 14, 2026
  • 6,596 views

कुनकुरी के गिनाबहार में 97 और जशपुर के बालाछापर में बनेंगे 128 आवास; ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को 80 हजार और एलआईजी परिवारों को 40 हजार रुपये का अनुदान

जशपुर, 14 अक्टूबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में जरूरतमंद परिवारों को किफायती और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले में अटल विहार योजना के तहत 51 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की लागत से दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार और जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में बनने वाली इन कॉलोनियों में कुल 225 आवास प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री और जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की इन योजनाओं से जिले में सुनियोजित आवासीय विकास को गति मिलेगी और विभिन्न आय वर्गों के परिवारों को अपना घर पाने का अवसर मिलेगा।

छोटे शहरों तक आधुनिक आवासीय सुविधाओं का विस्तार

राज्य सरकार का लक्ष्य आवासीय विकास को बड़े शहरों तक सीमित न रखकर जिला मुख्यालयों, छोटे नगरों और विकासखंड स्तर तक आधुनिक एवं व्यवस्थित आवासीय सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल प्रदेश के सभी 33 जिलों में आवासीय योजनाओं के विस्तार की दिशा में कार्य कर रहा है।

जशपुर में प्रस्तावित दोनों परियोजनाओं के माध्यम से सुरक्षित वातावरण, बेहतर सड़कें, स्वच्छता, हरियाली और दैनिक जरूरतों से जुड़ी सुविधाओं वाले आवासीय परिसर विकसित किए जाएंगे। इन योजनाओं से मध्यम, निम्न आय वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को लाभ मिलने के साथ निर्माण क्षेत्र और स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

गिनाबहार में 17.15 करोड़ रुपये से बनेंगे 97 आवास

अटल विहार योजना के अंतर्गत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में लगभग सात एकड़ भूमि पर आधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी। इसके लिए 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना में कुल 97 आवासों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें 91 आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के परिवारों के लिए निर्धारित हैं।

इस परियोजना की एक विशेषता यह है कि राज्य शासन ने आवासीय योजना के लिए मंडल को मात्र एक रुपये प्रति वर्गफुट की दर से भूमि उपलब्ध कराई है। इससे किफायती आवास निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। योजना के तहत पात्र ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और एलआईजी हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इससे सीमित आय वाले परिवारों को घर खरीदने में आर्थिक राहत मिलेगी।

कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस कॉलोनी में व्यवस्थित आंतरिक सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था, हरित वातावरण, जल निकासी और अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह परियोजना कुनकुरी क्षेत्र में सुनियोजित आवासीय विकास का नया केंद्र बन सकती है।

बालाछापर में 34.32 करोड़ रुपये से विकसित होगी आधुनिक कॉलोनी

जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग सात एकड़ भूमि पर दूसरी आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इसके लिए 34 करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। परियोजना में विभिन्न आय वर्गों के लिए 128 आवासों के साथ व्यावसायिक दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

आवासों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है:

  • उच्च आय वर्ग (एचआईजी) के 11 आवास
  • मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) के 20 आवास
  • जूनियर मध्यम आय वर्ग के 4 आवास
  • निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के 55 आवास
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 38 आवास

इस प्रकार परियोजना में समाज के विभिन्न आर्थिक वर्गों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखा गया है।

रायगढ़ रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 से मात्र 200 मीटर की दूरी पर विकसित होने वाली यह कॉलोनी आधुनिक कवर्ड कैंपस के रूप में तैयार की जाएगी। परिसर में बस स्टॉप, सामुदायिक भवन, बॉक्स क्रिकेट, आकर्षक गार्डन, बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया और व्यावसायिक दुकानें प्रस्तावित हैं। इन सुविधाओं से रहवासियों को आवास के साथ मनोरंजन, सामाजिक गतिविधियों और दैनिक जरूरतों के लिए भी बेहतर वातावरण मिलेगा।

गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास मंडल की प्राथमिकता

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मंडल का उद्देश्य केवल मकानों का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है। जशपुर और कुनकुरी में विकसित की जा रही कॉलोनियों में आधुनिक अधोसंरचना, चौड़ी एवं व्यवस्थित सड़कें, स्वच्छ वातावरण, हरित क्षेत्र और आवश्यक नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अनुराग सिंह देव ने बताया कि इन परियोजनाओं में विभिन्न आय वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर आवासों की योजना बनाई गई है। आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराना मंडल की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है।

महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव में भी आवासीय योजनाओं की तैयारी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जशपुर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी आवासीय सुविधाओं का विस्तार करने की तैयारी है। इसके अंतर्गत जशपुर के महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम मदनपुर में आवासीय योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के जशपुर स्थित कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे ने बताया कि ग्राम मदनपुर, पत्थलगांव की आवासीय योजना में बुकिंग जारी है। संबंधित आवासीय योजनाओं के लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है और प्रथम चक्र की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

जशपुर में आवासीय विकास को मिलेगी नई गति

कुनकुरी के गिनाबहार और जशपुर के बालाछापर में लगभग 14 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाली दोनों परियोजनाओं से 225 परिवारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। अटल विहार योजना के तहत ये परियोजनाएं जिले में सुनियोजित नगरीय विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और किफायती आवास की उपलब्धता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इन योजनाओं से जशपुर जिले की आवासीय अधोसंरचना मजबूत होने के साथ ही आम नागरिकों के अपने घर के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी।

सम्बन्धित खबरें