सूरजपुर में 5.50 किमी सड़क निर्माण के लिए 5.43 करोड़ रुपये स्वीकृत

  • Admin
  • Oct 14, 2026
  • 9,879 views

भैयाथान विकासखंड में तेलगांव मुख्य मार्ग से बरपारा होते हुए बुंदिया चौक तक बनेगी सड़क, ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

सूरजपुर, 14 अक्टूबर 2026। 

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड में सड़क निर्माण के लिए राज्य शासन ने 543.67 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत तेलगांव मुख्य मार्ग से बरपारा होते हुए बुंदिया चौक तक 5.50 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पर लगभग 5 करोड़ 43 लाख 67 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

यह निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल है। लोक निर्माण विभाग द्वारा आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय सहमति के बाद स्वीकृति जारी की गई है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए प्रमुख अभियंता कार्यालय में गठित निविदा प्रकोष्ठ के माध्यम से निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन अनिवार्य

स्वीकृति आदेश में सड़क निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने, निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया है। साथ ही स्वीकृत राशि की सीमा में ही व्यय करने तथा निर्माण के प्राक्कलन और कार्य निष्पादन में मितव्ययिता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान भी किया गया है।

ग्रामीणों का आवागमन होगा सुगम

इस सड़क के निर्माण से तेलगांव मुख्य मार्ग, बरपारा और बुंदिया चौक के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। सड़क बनने से स्थानीय ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगी।

सम्बन्धित खबरें