आंगन मिलन सेवा ने परिवारों को पोषण से जोड़ा , पौष्टिक थाली से स्वस्थ बचपन का संदेश

  • Admin
  • Sep 30, 2026
  • 5,659 views

सूरजपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों में गोद भराई, न्योता भोज और पोषण गतिविधियों के जरिए मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता

सूरजपुर, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा अब आंगनबाड़ी केंद्रों को परिवारों से जोड़ने के साथ पोषण और स्वस्थ बचपन का संदेश घर-घर पहुंचाने का माध्यम बन रही है। सूरजपुर जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में पौष्टिक थाली, न्योता भोज, गोद भराई और पोषण संबंधी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं और उनके परिवारों को मातृ-शिशु स्वास्थ्य, नियमित जांच और बच्चों की वृद्धि की निगरानी के प्रति जागरूक किया गया।

गोद भराई के साथ गर्भवती माताओं को दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में गर्भवती माताओं का स्वागत कर गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। इस दौरान उन्हें पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और गर्भावस्था के दौरान आवश्यक देखभाल के बारे में जानकारी दी गई।

‘मेरी पौष्टिक थाली’ में स्थानीय खाद्य पदार्थों पर जोर

कार्यक्रम की ‘मेरी पौष्टिक थाली’ गतिविधि में चावल, दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल और स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित भोजन तैयार करने का महत्व समझाया गया। पोषण संबंधी खेलों और व्यंजन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को घर में उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर पौष्टिक भोजन तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।

सामुदायिक सहभागिता से आयोजित न्योता भोज में बच्चों को पौष्टिक भोजन परोसा गया। मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देने वाली मितानिनों को सम्मानित भी किया गया।

बच्चों की वृद्धि और स्वास्थ्य सेवाओं की दी जानकारी

आंगन मिलन सेवा के दौरान परिवारों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, बच्चों की वृद्धि निगरानी तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी गई।

माताओं को बच्चों के वजन और पोषण स्तर की नियमित निगरानी के साथ स्वच्छता अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

योजनाओं का लाभ लेने वाली महिलाओं ने साझा किए अनुभव

महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राहियों ने योजनाओं से मिली सहायता राशि से हुए लाभ के अपने अनुभव साझा किए। इससे अन्य परिवारों को भी योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रमों के दौरान आंगनबाड़ी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों और परिवारों की सामूहिक सहभागिता से आंगन मिलन सेवा के जरिए पोषण की अच्छी आदतों और स्वस्थ जीवनशैली को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

सम्बन्धित खबरें