जिला अस्पताल सूरजपुर में 73 वर्षीय महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफल

  • Admin
  • Oct 16, 2026
  • 6,372 views

विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित प्रयास से स्थानीय स्तर पर मिल रहा बेहतर उपचार

सूरजपुर, 16 अक्टूबर 2026।

जिला अस्पताल सूरजपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने 73 वर्षीय महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफलतापूर्वक की। स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को अपने ही जिले में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिली है।

जानकारी के अनुसार, ओड़गी निवासी 73 वर्षीय राजकुमारी दोनों कूल्हों के खराब होने की समस्या से पीड़ित थीं। उपचार के लिए जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग पहुंचने पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू ने उनकी प्रारंभिक जांच और एक्स-रे कराया। जांच में दोनों कूल्हों के खराब होने के साथ शरीर में खून की कमी भी सामने आई।

मरीज की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सामग्री और चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। नर्सिंग स्टाफ ने चिकित्सकों के निर्देशानुसार उपचार किया। स्वास्थ्य में सुधार और ऑपरेशन के लिए उपयुक्त स्थिति बनने के बाद निश्चेतना विभाग ने आवश्यक जांच पूरी की और सर्जरी की तिथि निर्धारित की गई। तय तिथि पर सभी तैयारियों के बाद ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

डॉ. अजय साहू ने बताया कि मामला काफी जटिल था, लेकिन पूरी टीम के समन्वय और सहयोग से सर्जरी सफल रही। उन्होंने बताया कि इससे पहले 12 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन के सहयोग से सूरजपुर निवासी 60 वर्षीय राजकुमार का भी सफल ऑपरेशन किया गया था।

जिला अस्पताल में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार जिला अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल की व्यवस्थाओं का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाता है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके और उन्हें इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे स्थानों पर भटकना न पड़े।

जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, निश्चेतना विभाग और ऑपरेशन थिएटर टीम के संयुक्त प्रयासों से जटिल मामलों का भी उपचार किया जा रहा है। इससे मरीजों को अपने जिले में ही इलाज मिलने की सुविधा बढ़ रही है और बड़े ऑपरेशन के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिसका लाभ विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को मिल रहा है।

सम्बन्धित खबरें