महतारी वंदन योजना से घरेलू जरूरतें पूरी कर बेटी के भविष्य के लिए बचत कर रहीं अंजू

  • Admin
  • Oct 16, 2026
  • 5,713 views

हर माह मिलने वाली सहायता राशि का कुछ हिस्सा सुकन्या समृद्धि खाते में कर रहीं जमा

सूरजपुर, 16 अक्टूबर 2026।

महतारी वंदन योजना महिलाओं को घरेलू जरूरतें पूरी करने के साथ भविष्य के लिए बचत करने का अवसर भी दे रही है। सूरजपुर विकासखंड के ग्राम पर्री निवासी अंजू कुशवाहा के लिए यह योजना परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहारा बनने के साथ बेटी के सुरक्षित भविष्य की नींव मजबूत करने का माध्यम बनी है।

अंजू योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग समझदारी से कर रही हैं। वह हर महीने प्राप्त राशि का कुछ हिस्सा अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में जमा करती हैं। उनका कहना है कि नियमित रूप से मिलने वाली आर्थिक सहायता से उन्हें बेटी के भविष्य के लिए बचत करने का भरोसा मिला है। छोटी-छोटी रकम नियमित रूप से जमा कर वह बेटी के सपनों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।

अंजू ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। इसके साथ ही वह बेटी के भविष्य के लिए नियमित बचत भी कर पा रही हैं। उन्होंने इस आर्थिक संबल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से अंजू की यह पहल बताती है कि नियमित आर्थिक सहायता का उपयोग वर्तमान जरूरतों को पूरा करने के साथ भविष्य की योजनाओं को मजबूत बनाने में भी किया जा सकता है। महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि को सुकन्या समृद्धि योजना से जोड़कर अंजू ने आर्थिक सहायता को भविष्य की बचत में बदलने की दिशा में सार्थक कदम उठाया है।

सम्बन्धित खबरें