पीएम आवास योजना के नाम पर राशि मांगने वालों पर होगी एफआईआर

  • Admin
  • Nov 23, 2026
  • 3,681 views

आवास स्वीकृति से लेकर किश्त और जियो-टैगिंग तक की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल, हितग्राहियों को तीन किश्तों में मिलेगी 1.20 लाख रुपये की सहायता

स्वीकृत आवासों का शीघ्र निर्माण शुरू कराने के निर्देश, 90 दिनों में पूर्णता का लक्ष्य

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2026।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले में नवीन आवासों की स्वीकृति से लेकर निर्माण की प्रगति तक नियमित निगरानी की जा रही है। योजना का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आवास स्वीकृति की प्रक्रिया डिजिटल और पेपरलेस माध्यम से संचालित की जा रही है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि आवास स्वीकृति, किश्त जारी करने अथवा जियो-टैगिंग के नाम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा राशि मांगने, भ्रष्टाचार या अनियमितता की शिकायत प्रमाणित होने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आवास के नाम पर किसी को राशि न दें, तत्काल करें शिकायत

सीईओ तिवारी ने बताया कि पूर्व में किए गए डिजिटल सर्वेक्षण के आधार पर पात्र हितग्राहियों को लगातार आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में हितग्राहियों से अनावश्यक दस्तावेज या अतिरिक्त कागजात नहीं मांगे जा रहे हैं। आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण तक सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप किए जा रहे हैं।

उन्होंने हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी बिचौलिए, दलाल या अन्य व्यक्ति के बहकावे में न आएं। आवास स्वीकृति, किश्त जारी कराने, जियो-टैगिंग अथवा अन्य प्रक्रिया के नाम पर किसी को भी राशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति इसके बदले पैसे मांगता है या दबाव बनाता है, तो तत्काल संबंधित जनपद पंचायत अथवा जिला पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं। शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तीन किश्तों में मिलेगी 1.20 लाख रुपये की सहायता

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास बनाने के लिए कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किश्तों में दी जाएगी। इसके तहत पहली किश्त में 45 हजार रुपये, दूसरी किश्त में 65 हजार रुपये और तीसरी किश्त में 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। आवास निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरा कराने के लिए हितग्राहियों को तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

स्वीकृत आवासों का ले-आउट कराकर तत्काल शुरू करें निर्माण

सीईओ तिवारी ने जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं, उनसे जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हितग्राही ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक अथवा पंचायत सचिव से संपर्क कर तकनीकी सहायकों के माध्यम से निर्धारित स्थल पर आवास का ले-आउट कराएं। निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री जुटाकर काम शुरू करें, ताकि पहली किश्त के 45 हजार रुपये का फंड ट्रांसफर ऑर्डर (एफटीओ) समय पर जारी किया जा सके।

संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हितग्राहियों को निर्माण शुरू करने में आवश्यक सहयोग दें, ताकि स्वीकृति के बाद आवास निर्माण में अनावश्यक देरी न हो।

न्यूनतम 267 वर्गफीट में होगा आवास निर्माण

जिला पंचायत सीईओ ने तकनीकी सहायकों और संबंधित अमले को निर्देशित किया है कि वे स्वीकृत आवासों का स्थल निरीक्षण कर शासन के मापदंडों के अनुसार न्यूनतम 267 वर्गफीट क्षेत्रफल में निर्माण के लिए ले-आउट सुनिश्चित कराएं। निर्माण स्थल पर आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और काम शुरू होने की स्थिति का सत्यापन कर फोटो सहित जानकारी संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि पहली किश्त का एफटीओ समय-सीमा में जारी किया जा सके।

तकनीकी अमले को निर्माण की नियमित निगरानी करने, अलग-अलग चरणों में हितग्राहियों को मार्गदर्शन देने और निर्माण से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

90 दिनों में आवास पूरा कराने का लक्ष्य

शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार स्वीकृत आवासों का निर्माण 90 दिनों में पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष परिस्थितियों में भी निर्माण कार्य अधिकतम 180 दिनों के भीतर पूर्ण कराया जाना है। इसके लिए जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों और तकनीकी अमले को हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी देने तथा निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन आवास स्वीकृति, निर्माण प्रारंभ, किश्त जारी करने और आवास पूर्णता की प्रगति पर लगातार निगरानी रख रहा है। जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने, पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सम्बन्धित खबरें