बिलाईगढ़ में शुरू हुआ अपर कलेक्टर कार्यालय, हर गुरुवार लगेगा लिंक कोर्ट

  • Admin
  • Nov 23, 2026
  • 6,963 views

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा पर जिला प्रशासन ने किया अमल, अब स्थानीय स्तर पर होगी राजस्व प्रकरणों की सुनवाई

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की नियमित समीक्षा से पूरी हुई प्रशासनिक व्यवस्था, क्षेत्रवासियों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की एक और महत्वपूर्ण घोषणा को जिला प्रशासन ने धरातल पर उतार दिया है। बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल होने के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए यहां अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की घोषणा की थी। जिला प्रशासन ने तत्परता से आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर कार्यालय के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी है।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और नियमित समीक्षा के फलस्वरूप बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय के संचालन का रास्ता साफ हुआ है। राज्य शासन का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके नजदीक ही सुगम, सुलभ और समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी के तहत जिला मुख्यालय से दूर स्थित बिलाईगढ़ क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हर गुरुवार को संचालित होगा अपर कलेक्टर लिंक कोर्ट

कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से न्यायालय नायब तहसीलदार कोर्ट, बिलाईगढ़ में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक गुरुवार को अपर कलेक्टर द्वारा लिंक कोर्ट लगाया जाएगा। इस दौरान नियमानुसार राजस्व एवं अन्य संबंधित प्रकरणों की सुनवाई और निराकरण किया जाएगा।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेखों और प्रकरणों के साथ निर्धारित दिवस पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि न्यायालयीन एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

कलेक्टर ने की घोषणा के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा

मुख्यमंत्री की घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यालय संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री की घोषणा को अब व्यावहारिक रूप मिल गया है।

स्थानीय स्तर पर होगा राजस्व प्रकरणों का निराकरण

अपर कलेक्टर कार्यालय और लिंक कोर्ट शुरू होने से बिलाईगढ़ क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, अधिवक्ताओं और अन्य पक्षकारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों की सुनवाई के लिए जिला मुख्यालय सारंगढ़ तक आने-जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे लोगों के समय और खर्च की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही प्रकरणों की सुनवाई और निराकरण की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की राजशाही दशहरा उत्सव के दौरान की गई घोषणा पूरी होने से बिलाईगढ़ क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, बिलाईगढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी ओंकारेश्वर शरण सिंह, अधिवक्तागण, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें