पीएम किसान सम्मान निधि से खेती-किसानी के छोटे खर्च पूरे करने में मिल रही मदद

  • Admin
  • Oct 14, 2026
  • 5,101 views

सूरजपुर के किसान देवरूप सिंह को हर किस्त से मिल रहा सहारा, दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी हो रही सहूलियत

सूरजपुर, 14 अक्टूबर 2026। 

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को मिल रहे आर्थिक संबल और उनके जीवन में आ रहे बदलावों की कहानियां सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को खेती-किसानी से जुड़े जरूरी खर्चों को पूरा करने में सहायता प्रदान कर रही है। सूरजपुर जिले की ग्राम पंचायत पर्री के किसान देवरूप सिंह के लिए भी यह योजना राहत का माध्यम बनी है।

देवरूप सिंह बताते हैं कि सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण खेती के जरूरी काम और परिवार की छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करना कई बार मुश्किल हो जाता था। जरूरत पड़ने पर कर्ज लेना पड़ता था, जिससे परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ जाता था। अब योजना के तहत मिलने वाली 2 हजार रुपये की किस्त से उन्हें खेती-किसानी और दैनिक जरूरतों के कुछ खर्च पूरे करने में मदद मिल रही है।

उन्होंने बताया कि यह सहायता राशि सीमित आय वाले किसान परिवारों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। समय पर आर्थिक सहायता मिलने से खेती के छोटे-मोटे खर्चों को लेकर उनकी चिंता कम हुई है। योजना का लाभ मिलने पर देवरूप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

पात्र किसान परिवारों को सालाना मिलते हैं 6 हजार रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि वे खेती-किसानी से जुड़े जरूरी खर्चों को पूरा करने में इस राशि का उपयोग कर सकें।

सम्बन्धित खबरें