जशपुरनगर में 11.83 करोड़ रुपये से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, एक साथ खड़ी हो सकेंगी 40 बसें

  • Admin
  • Oct 14, 2026
  • 7,048 views

तीन एकड़ में विकसित होगा आधुनिक बस टर्मिनल, प्रतिदिन 5 हजार से अधिक यात्रियों को मिलेगा लाभ

वेटिंग हॉल, लिफ्ट, टिकट काउंटर और डिजिटल सूचना स्क्रीन सहित मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं; कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बस स्टैंड निर्माण को मंजूरी

जशपुर, 14 अक्टूबर 2026। 

जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला मुख्यालय जशपुरनगर में हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत वाली इस परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया जारी है। लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह आधुनिक बस टर्मिनल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर की परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने में मदद करेगा।

तीन एकड़ में विकसित होगा आधुनिक बस टर्मिनल

जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। यहां एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। इससे बसों के आवागमन और ठहराव को व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

जिला मुख्यालय का बस स्टैंड जिले के प्रमुख परिवहन केंद्रों में शामिल है। यहां प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और पांच हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। यहां से जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए भी बस सेवाएं संचालित होती हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए बस टर्मिनल के निर्माण से इस जरूरत को पूरा करने में मदद मिलेगी।

वेटिंग हॉल, लिफ्ट और डिजिटल सूचना स्क्रीन की सुविधा

प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड को यात्रियों की सुविधा और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। परिसर में आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, सुव्यवस्थित वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल सूचना स्क्रीन भी लगाई जाएगी।

बस स्टैंड परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। आधुनिक सुविधाओं से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को विशेष सहूलियत मिलेगी।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन होगा आसान

जशपुरनगर जिला मुख्यालय होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और शासकीय कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। आधुनिक बस स्टैंड बनने से इन यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। बसों के व्यवस्थित ठहराव और संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में भी मदद मिलेगी।

नए बस टर्मिनल से जिले की परिवहन अधोसंरचना मजबूत होगी और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही पड़ोसी राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड

जशपुरनगर के साथ कुनकुरी और पत्थलगांव में भी अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

इसी क्रम में बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।

जशपुरनगर में प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड और जिले के अन्य क्षेत्रों में विकसित की जा रही परिवहन अधोसंरचना से यात्री सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

सम्बन्धित खबरें