श्री रामलला दर्शन योजना: जशपुर से अब तक 3,062 से अधिक श्रद्धालुओं ने किए अयोध्या में दर्शन

  • Admin
  • Oct 25, 2026
  • 3,631 views

27 अक्टूबर को जिले के 204 श्रद्धालु होंगे रवाना, यात्रा से लेकर ठहरने और भोजन तक का खर्च उठा रही राज्य सरकार

जशपुर, 25 अक्टूबर 2026। 

छत्तीसगढ़ शासन की श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के निःशुल्क दर्शन का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत जशपुर जिले के अब तक 3,062 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं।

योजना के 16वें चरण के अंतर्गत 27 अक्टूबर को जशपुर जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों और नगर पंचायतों से 204 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए रवाना होंगे। इससे पहले भी श्रद्धालुओं के जत्थे को जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

यात्रा से भोजन तक की व्यवस्था सरकार के जिम्मे

श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं के आने-जाने, ठहरने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था का खर्च छत्तीसगढ़ शासन वहन कर रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बिना आर्थिक बोझ के अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।

योजना के तहत दर्शन कर चुके श्रद्धालुओं ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। योजना के माध्यम से प्रदेश के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

सम्बन्धित खबरें