जशपुर के अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स में जीता कांस्य, मुख्यमंत्री ने कहा—पूरे छत्तीसगढ़ को आप पर गर्व

  • Admin
  • Oct 16, 2026
  • 6,353 views

4×100 मीटर मिक्स्ड रिले में भारतीय टीम ने 41.06 सेकंड के समय के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड में किया सुधार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में की मुलाकात, खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। 

जशपुर जिले के ग्राम घुईटांगर के एथलीट अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए कहा कि अनिमेष की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

अनिमेष कुजूर ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम ने इस स्पर्धा में 41.06 सेकंड का समय दर्ज कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया।

मुख्यमंत्री साय से अनिमेष ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। उन्होंने अनिमेष से प्रतियोगिता में प्रदर्शन, प्रशिक्षण और अब तक के खेल सफर के संबंध में आत्मीय चर्चा भी की।

छोटे गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर की माटी के बेटे अनिमेष कुजूर ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित आयोजन में पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। भारतीय टीम का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर करना इस सफलता को और खास बनाता है।

उन्होंने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना साबित करता है कि प्रतिभाओं को उचित अवसर, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो वे विश्वस्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। अनिमेष की उपलब्धि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

ग्रामीण और जनजातीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस्तर से सरगुजा और जशपुर तक ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि इन प्रतिभाओं की पहचान शुरुआती स्तर पर हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल अधोसंरचना तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को युवाओं के सर्वांगीण विकास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएं।

नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बने अनिमेष

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष कुजूर जैसे खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश में विकसित हो रही खेल संस्कृति को मजबूत करती है। उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी में यह विश्वास जगाती हैं कि अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

अनिमेष कुजूर ने मुलाकात के दौरान अपने खेल अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसी समर्पण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में देश के लिए और पदक जीतने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर अनिमेष कुजूर के पिता अमृत कुजूर, माता रीना कुजूर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें