गोवर्धन पर्व पर 9 नवंबर को प्रदेशभर में होगा गौ-पूजन, पशुपालकों को मिलेंगे पुरस्कार

  • Admin
  • Nov 05, 2026
  • 4,543 views

भोपाल, 5 नवंबर 2026।

 मध्यप्रदेश में 9 नवंबर को गोवर्धन पर्व के अवसर पर प्रदेशभर में गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के रविंद्र भवन में दोपहर 12:30 बजे से राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। इसमें गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता के विजेता पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गौ-पूजन कर शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रथम विजेता को एक लाख, दूसरे को 50 हजार रुपये

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को मुख्यमंत्री प्रमाण-पत्र और सम्मान राशि प्रदान करेंगे। विजेताओं को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

सभी विजेता पशुपालकों के बैंक खातों में पुरस्कार राशि एक साथ प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के शीर्ष 10 दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को भी मुख्यमंत्री सांकेतिक रूप से सम्मानित करेंगे।

5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए 60 करोड़ से अधिक की राशि

मुख्यमंत्री 9 नवंबर को प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए सितंबर माह की 60 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित करेंगे।

प्रदेश सरकार द्वारा गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गौशालाओं को मिलने वाली यह अनुदान राशि वहां आश्रित गोवंश के भरण-पोषण में उपयोगी होगी।

विभागीय योजनाओं और नवाचारों की लगेगी प्रदर्शनी

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और पशुपालन क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। गोवर्धन पर्व के महत्व को दर्शाती विशेष झांकी भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेगी। मुख्यमंत्री गौ-पूजन के बाद प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

गौ-संरक्षण और उन्नत पशुपालन को मिलेगा प्रोत्साहन

प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना और उत्कृष्ट गौपालन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है। सम्मान समारोह के माध्यम से पशुपालकों को आधुनिक एवं उन्नत पशुपालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सम्बन्धित खबरें