अब आंगनवाड़ियों की दीवारें बनेंगी बच्चों की किताबें, रंगों और खेलों से सीखेंगे नन्हे-मुन्ने जनभागीदारी से मध्यप्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों का हो रहा कायाकल्प, डिजिटल सुविधाओं और बाल-अनुकूल वातावरण से मजबूत होगी प्रारंभिक शिक्षा

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 4,129 views

भोपाल : रविवार, 15 नवम्बर 2026

मध्यप्रदेश में बच्चों की पहली पाठशाला यानी आंगनवाड़ी केंद्र अब नए रंग-रूप में नजर आ रहे हैं। कभी सामान्य भवनों और सीमित संसाधनों तक सिमटे रहने वाले आंगनवाड़ी केंद्र अब रंग-बिरंगी दीवारों, आकर्षक चित्रों, आधुनिक खेल सामग्री और डिजिटल शिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित हो रहे हैं। इन बदलावों के साथ आंगनवाड़ियां बच्चों के लिए आनंददायी शिक्षा के केंद्र बन रही हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न संस्थाओं और जनभागीदारी के सहयोग से आंगनवाड़ी केंद्रों का कायाकल्प किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आंगनवाड़ियों को केवल पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित न रखते हुए बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और बौद्धिक विकास के लिए जीवंत शिक्षण स्थल के रूप में विकसित करना है।

जनभागीदारी से आंगनवाड़ियों के कायाकल्प को नई गति

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के अनुसार, प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों के उन्नयन में जनभागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विभिन्न संस्थाओं और स्थानीय समुदायों के सहयोग से केंद्रों की अधोसंरचना, शिक्षण सामग्री, खेल उपकरण और डिजिटल संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।

आवश्यकतानुसार पुराने और जीर्ण-शीर्ण भवनों का नवीनीकरण तथा पुनर्निर्माण भी कराया गया है। इससे बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक वातावरण तैयार करने में मदद मिल रही है। शासन के प्रयासों में समाज की भागीदारी से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं का विकास हो रहा है।

दीवारें बन रहीं किताबें, खेल-खेल में सीख रहे बच्चे

प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों की दीवारें अब बच्चों के लिए सीखने का नया माध्यम बन रही हैं। इन पर बनाए गए रंग-बिरंगे चित्र, पशु-पक्षियों की आकृतियां, वर्णमाला, अंक, प्रकृति और दैनिक जीवन से जुड़े दृश्य बच्चों को सहज तरीके से सीखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

बाल-अनुकूल शिक्षण वातावरण (BaLA) की अवधारणा के अनुरूप विकसित किए जा रहे इन केंद्रों में दीवारें भी शिक्षण सामग्री की भूमिका निभा रही हैं। बच्चों की रुचि के अनुसार विशेष शिक्षण कोने, खिलौने, खेल क्षेत्र और रचनात्मक गतिविधियों के लिए स्थान तैयार किए जा रहे हैं।

स्थानीय संसाधनों के उपयोग से शिक्षण को अधिक सहज और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे बच्चों में आंगनवाड़ी आने के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और सीखने की क्षमता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

डिजिटल नवाचारों से आधुनिक हो रही बचपन की पाठशाला

बदलते समय के साथ प्रदेश की आंगनवाड़ियां आधुनिक शिक्षण तकनीकों से भी जुड़ रही हैं। डिजिटल शिक्षण सामग्री, ऑडियो-विजुअल संसाधन, शैक्षणिक वीडियो, रोचक कहानियां और कविताएं बच्चों को सीखने के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

इन माध्यमों से बच्चों के भाषा विकास, स्मरण शक्ति, रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहन मिल रहा है। डिजिटल संसाधन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी उपयोगी साबित हो रहे हैं। इनके माध्यम से पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सहभागितापूर्ण और रोचक बनाया जा सकता है।

पारंपरिक खेल-आधारित शिक्षा और आधुनिक तकनीक का यह समन्वय बच्चों को भविष्य की शिक्षा के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप मजबूत होगी प्रारंभिक शिक्षा

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इसी भावना के अनुरूप मध्यप्रदेश में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों को गुणवत्तापूर्ण पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के प्रभावी केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

इन केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के समन्वय से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चे सहज रूप से सीख सकेंगे और औपचारिक स्कूली शिक्षा में प्रवेश से पहले उनकी बुनियाद मजबूत होगी।

सम्बन्धित खबरें