मध्यप्रदेश में हेली पर्यटन सेवा को मिल रहा शानदार प्रतिसाद, अब तक 5,333 यात्रियों ने किया सफर पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा से धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और टाइगर रिजर्व तक पहुंच हुई आसान आवास, भोजन, स्थानीय भ्रमण, गाइड और मंदिरों में दर्शन सहित संपूर्ण यात्रा पैकेज की सुविधा

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 1,343 views

भोपाल, रविवार, 15 नवंबर 2026।

मध्यप्रदेश में पर्यटन को तेज, सुगम और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही है। इस सेवा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को सीधे हवाई मार्ग से जोड़ा गया है। अब तक 5 हजार 333 यात्री इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं।

हेली पर्यटन सेवा के जरिए उज्जैन और ओंकारेश्वर के पवित्र ज्योतिर्लिंग, मैहर स्थित मां शारदा मंदिर, भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट, झीलों की नगरी भोपाल, इंदौर, ओरछा और चंदेरी की ऐतिहासिक धरोहरों के साथ कान्हा और बांधवगढ़ जैसे विश्वप्रसिद्ध टाइगर रिजर्व तक पहुंच आसान हुई है। कम समय में प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की सुविधा से देश-विदेश के पर्यटक यात्रा का अनूठा अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

आवास, भोजन और दर्शन सहित संपूर्ण यात्रा पैकेज

पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा में यात्रियों की सुविधा और आराम को प्राथमिकता देते हुए संपूर्ण यात्रा पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें गंतव्य स्थल पर ठहरने, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए टैक्सी जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

धार्मिक पर्यटन को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रमुख मंदिरों में पूर्व निर्धारित दर्शन की व्यवस्था की गई है। पर्यटकों को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षित गाइड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा यात्रियों को हेलीपैड तक लाने और ले जाने के लिए पिक-अप एवं ड्रॉप की सुविधा भी दी जाती है।

आध्यात्मिक सर्किट से 2,477 से अधिक श्रद्धालुओं ने किए तीर्थ दर्शन

आध्यात्मिक सर्किट के अंतर्गत इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को हवाई सेवा से जोड़ा गया है। इस सर्किट में श्रद्धालुओं के लिए तीन विशेष यात्रा पैकेज संचालित किए जा रहे हैं।

इन पैकेजों के किराये इस प्रकार निर्धारित हैं:

इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर–इंदौर : 30 हजार रुपये

इंदौर–उज्जैन–इंदौर : 14 हजार 500 रुपये

इंदौर–ओंकारेश्वर–इंदौर : 18 हजार रुपये

नवंबर 2025 से सितंबर 2026 तक इस सर्किट के माध्यम से 2 हजार 477 से अधिक यात्रियों ने हेली पर्यटन सेवा का लाभ उठाया।

हेरिटेज सर्किट से ऐतिहासिक धरोहरों की हवाई सैर

प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से पर्यटकों को परिचित कराने के लिए हेरिटेज सर्किट के तहत हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई है। इसके प्रमुख यात्रा पैकेज के किराये इस प्रकार हैं:

भोपाल–ओरछा–भोपाल : 14 हजार 500 रुपये

भोपाल से चंदेरी : 5 हजार 500 रुपये

भोपाल से ओरछा : 6 हजार 500 रुपये

चंदेरी से ओरछा : 2 हजार 750 रुपये

इसके अलावा आसमान से रोमांचक प्राकृतिक दृश्य देखने के इच्छुक पर्यटकों के लिए 3 हजार 500 रुपये के किराये पर विशेष जॉय राइड की सुविधा भी उपलब्ध है। अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक इस सर्किट के माध्यम से कुल 684 पर्यटकों ने हवाई यात्रा का आनंद लिया।

वाइल्डलाइफ और आस्था सर्किट से 2,172 यात्रियों ने किया सफर

वन्यजीव पर्यटन स्थलों और प्रमुख धार्मिक केंद्रों को जोड़ने वाले वाइल्डलाइफ एवं आस्था सर्किट में पर्यटकों के लिए कई यात्रा पैकेज उपलब्ध हैं। इनके किराये इस प्रकार हैं:

जबलपुर–मैहर : 5 हजार रुपये

जबलपुर–बांधवगढ़ : 6 हजार 500 रुपये

जबलपुर–चित्रकूट : 7 हजार 500 रुपये

जबलपुर–कान्हा : 6 हजार रुपये

मैहर–चित्रकूट : 5 हजार रुपये

बांधवगढ़–कान्हा : 7 हजार रुपये

नवंबर 2025 से सितंबर 2026 तक इस सर्किट के माध्यम से 2 हजार 172 यात्रियों ने सफर किया। आध्यात्मिक, हेरिटेज और वाइल्डलाइफ सर्किट को मिलाकर अब तक लाभान्वित यात्रियों की कुल संख्या 5 हजार 333 हो गई है।

ऑनलाइन पोर्टल से घर बैठे कर सकते हैं बुकिंग

पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के तहत पर्यटक घर बैठे अपनी हवाई यात्रा की योजना बनाकर टिकट बुक कर सकते हैं। इच्छुक यात्री इन आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं:

www.flyola.in

air.irctc.co.in/flyola

www.transbharat.in

इस पहल से प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक और वन्यजीव पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो रही है। साथ ही पर्यटकों को कम समय में मध्यप्रदेश की विविध पर्यटन विरासत का अनुभव करने का अवसर मिल रहा है।

सम्बन्धित खबरें