छठ महापर्व अब पूरे देश में उत्सव और उमंग का पर्व बन चुका है: मुख्यमंत्री यादव प्रेमपुरा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर की छठी मैया की पूजा 36 घंटे के निर्जला व्रत में माताओं-बहनों का त्याग, तपस्या और समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणादायी

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 1 views

भोपाल, रविवार, 15 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सूर्यदेव की उपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ पवित्रता, संयम, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। माताएं और बहनें अपने पति की लंबी आयु, बच्चों के सुख, परिवार की समृद्धि और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं। उनका यह त्याग और तपस्या संपूर्ण प्रकृति की पूजा के साथ ही पूरे देश के लिए प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने छठी मैया के पावन पर्व पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से सभी पर अपनी कृपा और आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की। वे रविवार को भोपाल के प्रेमपुरा घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत का यह पर्व अब पूरे देश में उत्सव और उमंग का अवसर बन गया है।

प्रकृति से जुड़ने और सूर्यदेव को नमन करने का पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व परिवार की सुख-समृद्धि और परमात्मा के आशीर्वाद की कामना के साथ पूरी श्रद्धा से मनाया जाता है। अद्भुत आस्था और मन के विश्वास का यह पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने तथा ऊर्जा के अनंत स्रोत सूर्यनारायण को नमन करने का अवसर देता है।

उन्होंने कहा कि छठ पर्व की विशेषता है कि इसमें उगते सूर्य के साथ-साथ अस्त होते सूर्यदेव को भी नमन किया जाता है। इस पर्व पर तैयार किए जाने वाले सभी पकवान घरों में ही बनाए जाते हैं, जो इसकी परंपरा और पवित्रता को विशेष बनाते हैं।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विधायक भगवान दास सबनानी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर लिया व्रती महिलाओं का आशीर्वाद

मुख्यमंत्री प्रेमपुरा घाट पहुंचे और व्रती महिलाओं को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने छठी मैया की पूजा-अर्चना की और सूर्यदेव की उपासना में शामिल होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

फूलों, दीपों और रंगोली से सजा प्रेमपुरा घाट छठ गीतों से भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने 'छठी मैया की जय' और 'सूर्यदेव की जय' के जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। घाट पर हजारों व्रती महिलाओं ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर भोपाल महापौर मालती राय, रविन्द्र यति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्वांचल समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें