स्वच्छता के क्षेत्र में भी देशभर में पहचान बनाएगा संगमरमर का शहर जबलपुर: मुख्यमंत्री यादव स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जबलपुर को मिला देश में दूसरा स्थान, सफाई मित्रों का किया सम्मान जबलपुर को नंबर-1 शहर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान, सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया जोर

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 1 views

जबलपुर, शनिवार, 14 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संगमरमर की नगरी जबलपुर अब अपनी स्वच्छता के लिए भी देशभर में पहचानी जाएगी। जबलपुर से दूसरे शहर भी स्वच्छता की प्रेरणा लेंगे। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में शहर को देश में दूसरा स्थान मिलने का श्रेय सफाई मित्रों के अथक परिश्रम को जाता है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से मिलकर जबलपुर को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री शनिवार को जबलपुर के मानस भवन में आयोजित सफाई मित्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया तथा स्वच्छ एवं सुंदर समाज के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में दीपावली से पहले स्वच्छता को विशेष महत्व दिया जाता है। दीपावली पर मां लक्ष्मी के साथ सफाई की प्रतीक झाड़ू का भी पूजन किया जाता है। शीतला माता को स्वच्छता की देवी माना जाता है। हमारे देवी-देवता भी समाज को स्वच्छता के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, देपालपुर, बुधनी, सागर और देवास सहित प्रदेश के शहरों को कुल 27 में से 9 पुरस्कार मिले हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए सफाई मित्रों, जबलपुर के नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।

सफाई मित्रों की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री ने शुरू की नमस्ते योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रत्येक पैरामीटर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। जबलपुर नगर निगम को 182 सीएनजी वाहन मिलेंगे। गार्बेज कलेक्शन स्टेशन और इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए राज्य और केंद्र सरकार की ओर से 75 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत का संकल्प लेकर देशभर में स्वच्छता के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की शुरुआत की है। सफाई मित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना शुरू की गई है। इसके तहत उन्हें सुरक्षा उपकरण और स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाईकर्मियों को आयुष्मान योजना का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने सभी सफाई मित्रों से अपने आयुष्मान कार्ड बनवाने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया।

महाकौशल के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर पर मां नर्मदा की विशेष कृपा है। राज्य सरकार ने जबलपुर-भोपाल-इंदौर इकोनॉमिक कॉरिडोर की योजना बनाई है। आरजीपीवी के तीन हिस्सों में से एक विश्वविद्यालय जबलपुर में भी स्थापित होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार महाकौशल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में जबलपुर को कई बड़ी सौगातें मिलेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जबलपुर सहित मध्यप्रदेश के सभी शहर विकास की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। राज्य सरकार जनजातीय नायकों को सम्मान देने और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह की शुरुआत हो रही है। वीरांगना रानी दुर्गावती और राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह की नगरी जबलपुर में इसका पहला कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

सफाई मित्रों के योगदान से गौरवान्वित हुआ प्रदेश

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जबलपुर को देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। कोरोना काल में सफाई मित्रों ने सैनिकों की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सेनानियों के प्रयासों से ही जबलपुर और ग्वालियर को पुरस्कार मिले हैं, जिससे पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सफाई मित्र, उनके परिजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें