भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान और आदर्श सदियों तक देशवासियों को करते रहेंगे प्रेरित: मुख्यमंत्री यादव **जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ, जबलपुर में 133.05 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन** **जनजातीय नायकों के योगदान और गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में होंगे सप्ताहभर आयोजन** **जनजातीय समाज की प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान, हितग्राहियों को वितरित किए कल्याणकारी योजनाओं के लाभ

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 1,682 views

जबलपुर, शनिवार, 14 नवंबर 2026।**

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान, संघर्ष और आदर्श सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में स्वदेश, स्वधर्म, स्वाभिमान और सामाजिक अनुशासन को सर्वोच्च महत्व दिया। उनका जीवन हमें अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकारों के लिए जागरूक एवं संगठित होने की सीख देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गहना नहीं है।

मुख्यमंत्री शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ किया। साथ ही 133.05 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के जनजातीय नायकों के बलिदान और गौरवशाली विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। जनजातीय वीरों ने हमारी प्राचीन संस्कृति और विरासत के संरक्षण में विशेष योगदान दिया है। गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती का जीवन अद्भुत रहा। तत्कालीन शासन में अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय नायकों ने महत्वपूर्ण संघर्ष किया। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आंदोलन शुरू कर मातृभूमि, समाज, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष का बिगुल फूंका।

## जनजातीय नायकों के योगदान और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचा रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय नायकों के योगदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक जबलपुर में आयोजित की थी। इसके बाद कटनी के पास संग्रामपुर में दूसरी कैबिनेट बैठक भी रानी दुर्गावती को समर्पित की गई।

उन्होंने बताया कि समाज में स्वाभिमान की अलख जगाने वाले जबलपुर के राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है। टंट्या मामा ने धार, झाबुआ और आलीराजपुर में क्रांति की मशाल जलाई थी। पचमढ़ी के राजा भभूत सिंह ने अंग्रेजों के विरुद्ध बड़ी लड़ाई लड़ी थी। उनके सम्मान में राज्य सरकार ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में भीमा नायक, ख्वाजा नायक और बादल भोई जैसे अनेक जनजातीय वीरों का योगदान रहा है। इन महान नायकों का जीवन युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है।

## अन्याय के विरुद्ध न्याय की आवाज बने भगवान बिरसा मुंडा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपनी संस्कृति और संस्कारों को संजोए रखा तथा हाथों में तीर-कमान लेकर देश और समाज के लिए संघर्ष किया। उनके लिए स्वाभिमान, स्वदेश और देशप्रेम सर्वोपरि थे। वे जनजातीय समाज पर हो रहे अन्याय के खिलाफ न्याय की आवाज बने।

उन्होंने कहा कि जिस समय अंग्रेजी साम्राज्य की शक्ति का पूरी दुनिया में दबदबा था, उस समय भगवान बिरसा मुंडा ने अपनी मातृभूमि, समाज, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष शुरू किया। उनका साहस और संकल्प आज भी प्रेरणादायी है। उनके बलिदान से फैला प्रकाश सदियों तक अमर रहेगा।

## जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में अनेक जनजातियां निवास करती हैं और राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विशेष रूप से चिह्नित जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों के लोगों को भी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित करने की बात कही। साथ ही जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन विकासखंड स्तर पर भी हर्षोल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।

## छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में 85 करोड़ से बनेंगे सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जबलपुर को 133 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास और विद्यालय की सौगात मिली है। सरकार चाहती है कि जनजातीय क्षेत्रों के युवा शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें और प्रदेश के विकास में योगदान दें।

उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के प्रतीक के रूप में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट जिलों में 85 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि डिंडोरी में आयुर्वेदिक महाविद्यालय और मंडला में मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। बालाघाट, जबलपुर सहित महाकौशल के सभी जिलों में मां नर्मदा के जल से सिंचाई का रकबा बढ़ाया जा रहा है। श्रीअन्न को प्रोत्साहित करने के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न योजना शुरू की गई है। लाड़ली बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता और किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 98 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य किए गए हैं। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से 401.56 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इन योजनाओं से जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

## जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शुरू हुईं अनेक योजनाएं

केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सामान्य परिवार में जन्म लेकर जनजातीय समाज को जागरूक किया। उन्होंने समाज में व्याप्त अंधविश्वास और नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाया, शिक्षा को प्रोत्साहित किया तथा 'हमारा देश, हमारा राज' का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से तीन प्रमुख संदेश मिलते हैं। पहला, अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व करना। वे जनजातीय समाज में धर्मांतरण के प्रखर विरोधी थे। दूसरा, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना और अन्याय के खिलाफ डटकर मुकाबला करना। तीसरा, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना। उन्होंने स्वावलंबी जीवन जीने की प्रेरणा दी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद जनजातीय नायकों को सम्मान देने और जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए देश में अनेक योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

## विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली जनजातीय प्रतिभाएं सम्मानित

समारोह में मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की उन प्रतिभाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। सम्मानित होने वालों में जल संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए उजियारो बाई, हैदराबाद आर्ट एग्जीबिशन के लिए पूर्णिमा पुसरे, 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली पूजा धुर्वे और अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट जमना उइके शामिल रहीं।

इसके अलावा पैर से लिखने वाली दिव्यांग प्रतिभा द्रोपदी धुर्वे, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने वाले पीएचडी स्कॉलर राम किशोर सिरसाम, वॉलीबॉल में गोल्ड मेडल जीतने वाले हिमांशु परते और गोंडवाना लोक साहित्य के साहित्यकार टी.आर. बरकड़े को भी शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

## जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश

समारोह में मुख्यमंत्री को साफा बांधकर और तीर-कमान भेंटकर सम्मानित किया गया। उन्होंने जनजातीय परिधान धारण किया और पारंपरिक ढोल बजाकर जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला के प्रति अपना सम्मान एवं जुड़ाव प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय युवाओं को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। समारोह में जनजातीय धर्मगुरुओं का सम्मान कर उनका अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके और जबलपुर सांसद आशीष दुबे ने भी संबोधित किया। राज्य स्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के भाई-बहनों ने भाग लिया।
:::

 

सम्बन्धित खबरें