धार में कपास और तुअर की फसल के बीच उगाए जा रहे थे गांजे के पौधे, 1.74 करोड़ का माल जब्त ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 698 किलोग्राम वजन के 230 हरे पौधे बरामद एक आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 1 views

धार, रविवार, 15 नवंबर 2026।

मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों की अवैध खेती एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत पुलिस ने जिले के मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया नाईपुरा में अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। एक खेत में कपास और तुअर की फसल के बीच उगाए जा रहे गांजे के 230 हरे पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 698 किलोग्राम है और अनुमानित कीमत 1 करोड़ 74 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में प्रदेशभर में मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, परिवहन और कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धार जिले के पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में मनावर थाना पुलिस और उमरबन चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर खेत में दी दबिश

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को उमरबन चौकी पुलिस को मुखबिर से ग्राम बड़िया नाईपुरा में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद मनावर थाना और उमरबन चौकी की पुलिस टीम ने संबंधित खेत में दबिश दी।

खेत की तलाशी के दौरान कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के हरे पौधे उगाए हुए मिले। पुलिस ने सभी 230 पौधों को विधिवत जब्त किया और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा विभिन्न अभियानों के माध्यम से मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन, परिवहन और तस्करी के विरुद्ध प्रदेशव्यापी कार्रवाई की जा रही है। धार पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सम्बन्धित खबरें