बलरामपुर में धान खरीदी का उत्सवपूर्ण आगाज, कलेक्टर ने किसानों का तिलक लगाकर किया सम्मान

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 6,994 views

बलरामपुर, 15 नवंबर 2026। 

जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना और उत्साह के साथ हुई। बलरामपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों ने स्वयं तौल मशीन और बांट की पूजा कर खरीदी महाभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने धान बेचने पहुंचे किसान संतन सिंह और संतोष यादव का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत और सम्मान किया।

खरीदी के पहले दिन जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में किसानों की अच्छी चहल-पहल रही। वीरेंद्रनगर, रघुनाथनगर, बरदर, वाड्रफनगर, बसंतपुर, डोंगरो, बरियों, सरना, रामानुजगंज, जमड़ी, त्रिकुंडा, बलंगी और रामनगर सहित कई समितियों में धान खरीदी शुरू हुई।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा धान

कलेक्टर ने बताया कि शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। उपार्जन केंद्रों में प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की भराई की जाएगी। नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम तक मान्य रहेगा।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे 'तुहर टोकन' मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करें और निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा एवं सूखा धान लेकर केंद्र पहुंचें। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य पारदर्शी व्यवस्था के तहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

पहले दिन संतन सिंह ने बेचा 50 क्विंटल धान

ओबरी गांव के किसान संतन सिंह ने बताया कि वे लगभग 7 एकड़ में खेती करते हैं। उन्होंने पहले दिन 50 क्विंटल यानी 125 बोरा धान का विक्रय किया। उन्होंने शासन के किसान हितैषी निर्णयों पर प्रसन्नता जताई।

वहीं, जतरो और अलगडीहा में खेती करने वाले किसान संतोष यादव ने 16 क्विंटल 40 किलोग्राम यानी 41 बोरी धान बेचा। उन्होंने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं को सुगम बताया।

खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण कर दिए निर्देश

कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र में टोकन, बारदाना, फड़ मुंशी, धान खरीदी, धान उठाव, रिजेक्ट, स्टॉक और निरीक्षण पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने हमालों की अद्यतन स्थिति दर्ज करने के लिए हमाल रजिस्टर में नियमित प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि केंद्र में पहुंचने पर सबसे पहले किसान का आवक पंजी में पंजीयन होगा। इसके बाद किसान अथवा पंजीकृत नॉमिनी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद धान निर्धारित स्थान पर खाली कराया जाएगा और मॉइस्चर मीटर से नमी की जांच होगी। धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी मान्य होगी।

गुणवत्ता परीक्षण के बाद धान की बारदानों में भराई, तौल, सिलाई और सुरक्षित स्टैकिंग की जाएगी। इस तरह पंजीयन से लेकर भंडारण तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की जाएगी।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।