बेमेतरा में विधायक दीपेश साहू ने किया धान खरीदी महाभियान का शुभारंभ, किसानों का तिलक लगाकर किया सम्मान

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 10,874 views

बेमेतरा, 15 नवंबर 2026। 

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाभियान की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित बेमेतरा एवं सेवा सहकारी समिति बीजाभाट में आयोजित कार्यक्रमों में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शुभारंभ अवसर पर विधायक दीपेश साहू एवं अन्य अतिथियों ने धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद किसानों की उपज की खरीदी प्रारंभ कराई गई। विधायक ने खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन को किसानों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण, कृषि विकास और खुशहाली के लिए लगातार निर्णय ले रही है। सरकार का संकल्प है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और खेती उनके लिए लाभकारी बने।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की हालिया किसान हितैषी घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत अब पात्र किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। यदि किसी किसान के पास प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल के स्थान पर केवल 15 क्विंटल धान की उपज होती है, तब भी उसे प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पहले कम मात्रा में धान विक्रय करने पर सहायता राशि भी उसी अनुपात में कम हो जाती थी। नए निर्णय से कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी पूरी सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। यह विशेष रूप से छोटे, सीमांत और कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित होगा।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। उन्होंने इसे किसानों के परिश्रम और सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार किसानों के हित में निर्णय ले रही है।

खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता और सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

विधायक साहू ने समिति अध्यक्षों, प्रबंधकों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रों में किसानों के लिए उचित तौल, पर्याप्त बारदाना, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ धान का समय पर उठाव भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार खरीदी की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

विधायक ने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर अपनी उपज खरीदी केंद्रों में लाने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और सुचारू खरीदी के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक ने सभी अन्नदाता किसानों को धान खरीदी महाभियान की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक किसान का आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल बनना सरकार का संकल्प है।

इस अवसर पर युगल देवांगन, महेश साहू, हर्षवर्धन तिवारी, मोंटी साहू, सोसायटी अध्यक्ष दोहई लाल वर्मा, पार्षद विकास तम्बोली, पंचू साहू, नीतू कोठारी, लक्की साहू, रोहित साहू, शेखर वर्मा, ओमकार साहू, भानूराम साहू, देवराम साहू, निर्भय गोस्वामी, राकेश वर्मा, राजीव तम्बोली, समिति प्रबंधक विनोद कुमार राजपूत, अपर कलेक्टर पी.के. साहू, खाद्य अधिकारी ओमकार सिंह ठाकुर, आर.के. वारे, शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी एस.के. जांगड़े, ए.के. सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें