कांकेर के 94 केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू, पहले दिन 224 किसानों ने कटवाया टोकन

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 7,005 views

उत्तर बस्तर कांकेर, 15 नवंबर 2026। 

जिले में रविवार से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शुरू हो गया। खरीदी के पहले दिन जिले के सभी 94 धान उपार्जन केंद्रों में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम पटेल एवं गायता की उपस्थिति में परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की गई। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा-बांट, बायोमेट्रिक डिवाइस और नमी मापक यंत्रों की पूजा की गई। इसके बाद किसानों की उपस्थिति में धान खरीदी प्रारंभ हुई।

पहले दिन जिले के 94 धान खरीदी केंद्रों में 224 किसानों ने 9 हजार 160 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया। किसान उत्साह के साथ अपने परिवारजनों के साथ केंद्रों में पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान बेच रहे हैं।

तुंहर टोकन ऐप से कटवाया टोकन, 60 क्विंटल धान बेचने पहुंचे किसान

कांकेर विकासखंड के अलनियापारा कोदाभाट धान खरीदी केंद्र में अलबेलापारा, कांकेर निवासी किसान आनंद राम साहू अपने परिवार के साथ धान बेचने पहुंचे। उन्होंने बताया कि तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से उन्होंने धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया है। उनके पास लगभग 7 एकड़ कृषि भूमि है और वे पहले दिन 60 क्विंटल धान बेचने केंद्र पहुंचे।

धान की खेती के साथ वे अपने खेत में चना और धनिया की खेती भी करते हैं। उन्होंने बताया कि धान बिक्री से मिलने वाली राशि का उपयोग परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति और खेती-किसानी के कार्यों में करेंगे।

किसान आनंद राम साहू के पुत्र धर्मेंद्र साहू ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है।

अलनियापारा कोदाभाट धान खरीदी केंद्र में खरीदी प्रारंभ होने के अवसर पर तहसीलदार रूपेश मरकाम, वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक महेश मरकाम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी डी.एल. देवांगन, समिति प्रबंधक नरेंद्र कुमार साहू, धान खरीदी केंद्र प्रभारी योगेंद्र पटेल, ग्राम पटेल भागीरथी नाग, गायता रामदयाल भास्कर एवं श्रीराम सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें