बेमेतरा में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ, कलेक्टर ने किसानों को शाल ओढ़ाकर किया सम्मानित

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 2,598 views

बेमेतरा, 15 नवंबर 2026। 

जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी महापर्व का रविवार से विधिवत शुभारंभ हुआ। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने धान उपार्जन केंद्र मोहतरा एवं बिलई पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और धान खरीदी की शुरुआत कराई।

शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर ने किसानों को शाल ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने केंद्र प्रबंधकों से धान खरीदी, तौल और भुगतान की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही केंद्र में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के किसी भी किसान को धान बेचने में असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में शुरू हुई खरीदी

कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में एक साथ खरीदी शुरू हुई। नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने केंद्रों में पहुंचकर खरीदी का शुभारंभ कराया। इस वर्ष धान खरीदी को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों में पहुंचने लगे।

पारदर्शिता और सुविधाओं पर विशेष जोर

कलेक्टर ममगाईं ने केंद्र प्रभारियों को धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तौल में गड़बड़ी, किसानों के साथ दुर्व्यवहार और अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को टोकन, तौल और भुगतान से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पर्याप्त बारदाने, हमाल और तौल कांटों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान की नमी की जांच और गुणवत्ता परीक्षण किसानों के सामने ही किया जाए तथा भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने अधिकारियों को केंद्रों में नियमित साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।

किसानों को समय पर उचित मूल्य और सम्मान का भरोसा

मोहतरा एवं बिलई में किसानों से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य सही समय पर और सम्मान के साथ मिले। धान खरीदी केंद्र किसानों की सुविधा के लिए हैं, इसलिए प्रत्येक किसान को सहयोग देना अधिकारियों की पहली जिम्मेदारी है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित टोकन के अनुसार ही धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचें, ताकि भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो तथा खरीदी प्रक्रिया सुगम बनी रहे।

नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को अपने-अपने उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, किसानों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करने और प्रतिदिन की खरीदी की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी, सहकारी समिति के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। धान खरीदी के शुभारंभ से जिले के किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए खरीदी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी रहने की उम्मीद व्यक्त की।

सम्बन्धित खबरें