ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से धान बिक्री हुई आसान, एक ही बार में 58 क्विंटल उपज बेचकर किसान संतुष्ट

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 4,742 views

धमतरी, 15 नवंबर 2026। 

छत्तीसगढ़ सहित धमतरी जिले में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। जिले के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। शासन की ऑनलाइन टोकन प्रणाली से किसानों को निर्धारित तिथि पर आसानी से धान बेचने की सुविधा मिल रही है। इससे खरीदी प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और सुविधाजनक बन रही है।

ऑनलाइन टोकन व्यवस्था का लाभ ग्राम सोरीद भाठ के किसान एकांत पाण्डेय को भी मिला। उन्होंने भटगांव सेवा सहकारी समिति के धान उपार्जन केंद्र में अपना 58 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर विक्रय किया। लगभग 4 एकड़ कृषि भूमि के मालिक किसान पाण्डेय ने ऑनलाइन टोकन के माध्यम से धान बिक्री के लिए निर्धारित तिथि प्राप्त की और बिना किसी परेशानी के केंद्र पहुंचकर अपनी पूरी उपज एक ही बार में बेच दी।

घर बैठे टोकन मिलने से बचा समय और मेहनत

किसान एकांत पाण्डेय ने बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से धान बेचने की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गई है। घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने से उन्हें समिति के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े। निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर उन्होंने अपना पूरा धान बेच दिया। एक ही बार में पूरी उपज की बिक्री होने से उन्हें दोबारा केंद्र आने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे समय और मेहनत दोनों की बचत हुई।

उन्होंने बताया कि धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग आगामी खेती-किसानी की जरूरतों और घरेलू कार्यों को पूरा करने में करेंगे। समय पर धान की बिक्री होने से आगामी कृषि कार्यों की तैयारी और परिवार की आवश्यकताओं का प्रबंधन करने में भी सहूलियत मिलेगी।

डिजिटल व्यवस्था से किसानों को मिल रही सहूलियत

किसान पाण्डेय ने शासन की धान खरीदी व्यवस्था और ऑनलाइन टोकन सुविधा पर संतोष जताते हुए कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था से किसानों को काफी सहूलियत मिल रही है। टोकन प्राप्त करने से लेकर उपार्जन केंद्र में धान बेचने तक की पूरी प्रक्रिया सरल और सुविधाजनक हुई है।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुगमता को प्राथमिकता देते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। ऑनलाइन टोकन प्रणाली और उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं से किसान अपनी उपज का व्यवस्थित ढंग से विक्रय कर पा रहे हैं। किसान एकांत पाण्डेय का अनुभव इस बात का उदाहरण है कि सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था किसानों के समय, श्रम और संसाधनों की बचत में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सम्बन्धित खबरें