ग्राम दुगली में 17 नवंबर को मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा होंगे मुख्य अतिथि

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 0 views

धमतरी, 13 नवंबर 2026। 

जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 17 नवंबर को धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम दुगली में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में जनजातीय समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया जाएगा। इस अवसर पर समाज प्रमुखों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर उनके साहस, त्याग और बलिदान को याद किया जाएगा।

लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा आयोजन

कार्यक्रम में जनजातीय लोककला, पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी समाज की विशिष्ट पहचान एवं समृद्ध परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएंगे।

जनजातीय विरासत और महापुरुषों के योगदान को किया जाएगा याद

जनजातीय गौरव दिवस नई पीढ़ी को जनजातीय महापुरुषों के ऐतिहासिक योगदान, संघर्षपूर्ण जीवन और देश के लिए उनके बलिदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह आयोजन जनजातीय समाज की गौरवशाली पहचान, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ उनके सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगा।

जिला प्रशासन ने की तैयारियां, आमजन से सहभागिता की अपील

कार्यक्रम के सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, गणमान्य नागरिकों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन को गरिमामय बनाने की अपील की है।

सम्बन्धित खबरें