शिकायत के 24 घंटे के भीतर पवन साय को मिला अस्थायी जाति प्रमाण पत्र, स्थायी प्रमाण पत्र भी जारी

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 0 views

एमसीबी, 13 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रशासन की तत्परता से जरूरतमंद लोगों को राहत मिल रही है। इसका उदाहरण मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम कटकोना निवासी पवन साय हैं, जिन्हें शिकायत दर्ज कराने के अगले ही दिन अस्थायी जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका स्थायी जाति प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया।

पंडो जनजाति से संबंध रखने वाले पवन साय को विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए जाति प्रमाण पत्र की जरूरत थी। प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने 7 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने तत्परता से आवश्यक कार्रवाई शुरू की और 8 सितंबर 2026 को उन्हें अस्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इसके बाद नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर स्थायी जाति प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करा दिया गया।

त्वरित निराकरण से पवन साय को मिली राहत

जाति प्रमाण पत्र मिलने से पवन साय को बड़ी राहत मिली है। अब वे इस महत्वपूर्ण दस्तावेज का उपयोग विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने सहित अन्य आवश्यक कार्यों में कर सकेंगे। अपनी समस्या का शीघ्र समाधान होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से पवन साय की शिकायत का त्वरित निराकरण नागरिकों की समस्याओं के प्रति शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही को दर्शाता है। शिकायत दर्ज होने के अगले ही दिन अस्थायी प्रमाण पत्र और बाद में स्थायी प्रमाण पत्र जारी किया जाना इस बात का उदाहरण है कि हेल्पलाइन नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सम्बन्धित खबरें