साय सरकार ने खोला खजाना, छग में 1,703 सरकारी पदों पर बंपर भर्ती

  • Admin
  • Nov 05, 2026
  • 6,516 views

सहायक ग्रेड-3 के सबसे ज्यादा 1,206 पद, सहायक उप निरीक्षक के 319 पदों पर भी भर्ती

कर्मचारी चयन मंडल पहली बार कराएगा लिखित परीक्षा


रायपुर | 5 नवंबर 2026 दिवाली से पहले छत्तीसगढ़ के युवाओं को सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर मिला है। राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत भर्ती अधिसूचना जारी की है। खास बात यह है कि मंडल इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा।
सहायक ग्रेड-3 के सर्वाधिक पद
भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद रखे गए हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25 पद शामिल हैं।
इसी तरह शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
27 नवंबर तक आवेदन का मौका
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
10 जनवरी को लिखित परीक्षा
भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थी 4 जनवरी 2027 से मंडल की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस
छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में उपस्थित होने पर नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क की वापसी उसी बैंक खाते में होगी, जिससे अभ्यर्थी ने भुगतान किया है।
भर्ती की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।

सम्बन्धित खबरें