राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार प्रदान करेंगी

  • Admin
  • Nov 09, 2026
  • 7,816 views

 

स्वच्छ सर्वेक्षण के 10वें संस्करण में 10 क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर हुआ मूल्यांकन

 ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ के उत्कृष्ट शहरों को भी मिलेगा सम्मान

नई दिल्ली | 9 नवंबर 2026
देश के सबसे स्वच्छ शहरों और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले शहरी निकायों को 11 नवंबर को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल और आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।
एक दशक में 73 से बढ़कर 4,751 शहरों तक पहुंचा सर्वेक्षण
‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ विषय पर स्वच्छ सर्वेक्षण का 10वां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस सर्वेक्षण के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन-शहरी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शहरों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के प्रमुख स्वच्छता मूल्यांकन कार्यक्रम स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरुआत वर्ष 2016 में 73 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) से हुई थी। अब इसका दायरा बढ़कर 4,751 से अधिक शहरों तक पहुंच गया है। इस वर्ष के पुरस्कार पिछले एक दशक में शहरों और राज्यों की सामूहिक उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ जमीनी स्तर पर स्वच्छता के प्रयासों को लगातार बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दर्शाएंगे।
10 क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर हुआ मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। इसमें नागरिकों की प्रतिक्रिया को अधिक महत्व दिया गया है। शहरी नदी तटों, समुद्र तटों और जल निकायों के मूल्यांकन का दायरा बढ़ाया गया। खुले में शौच और खुले में पेशाब की रोकथाम, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की स्वच्छता तथा विद्यालयों में व्यवहार परिवर्तन से जुड़ी पहलों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
शहरी स्थानीय निकायों का मूल्यांकन 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों के आधार पर किया गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, संग्रहण एवं परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्रत्यक्ष स्वच्छता, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, मल-कीचड़ निष्कासन सेवाओं का मशीनीकरण, संस्थागत व्यवस्था एवं इको-सिस्टम को मजबूत करना, प्रयुक्त जल प्रबंधन, स्वच्छता जागरूकता एवं जनभागीदारी, सफाई कर्मचारियों का समग्र कल्याण तथा नागरिकों की प्रतिक्रिया और शिकायतों का निवारण शामिल रहे।
देशभर में 3,000 से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने व्यापक जमीनी आकलन किया। मूल्यांकन के दौरान वास्तविक समय में जीपीएस आधारित निगरानी की गई। साक्ष्य प्रस्तुत करने से लेकर उनके सत्यापन तक पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी रखी गई। प्रत्येक चरण में कड़े गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया।
‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ के उत्कृष्ट शहरों को भी सम्मान
इस बार देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों के साथ ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इस पहल के तहत 33 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 70 मार्गदर्शक शहरों तथा 191 सहभागी शहरों के बीच अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने की व्यवस्था विकसित की गई है। इसका उद्देश्य शहरी अपशिष्ट प्रबंधन में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 27 सितंबर 2025 को इस पहल का शुभारंभ किया था। शहरी अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में इसे अपनी तरह का पहला मार्गदर्शन एवं परस्पर सीखने का कार्यक्रम बताया गया है। इसकी शुरुआत के अवसर पर सभी मार्गदर्शक और सहभागी शहरों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे।
सहभागी शहरों के स्वच्छता संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 और 2025 के बीच सहभागी शहरों ने प्रमुख स्वच्छता संकेतकों पर बेहतर प्रदर्शन किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नवीनतम आकलन में भी इन शहरों की प्रगति दर्ज की गई।
प्रत्यक्ष स्वच्छता के मानक पर सहभागी शहरों का प्रदर्शन 48 प्रतिशत से बढ़कर 70 प्रतिशत हो गया। घर-घर कचरा संग्रहण का स्तर 52 प्रतिशत से बढ़कर 74 प्रतिशत पहुंच गया। स्रोत पर कचरे का पृथक्करण 16 प्रतिशत से बढ़कर 30 प्रतिशत और स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच 11 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत हुई।
इसी तरह प्रयुक्त जल प्रबंधन में प्रदर्शन 32 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत तथा स्वच्छता जागरूकता एवं जनभागीदारी का स्तर 48 प्रतिशत से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गया। ये सुधार बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के मार्गदर्शन से स्वच्छता प्रणालियों को मजबूत बनाने और नागरिक सेवाओं के परिणामों में सुधार को दर्शाते हैं।
समर्पित प्रयासों, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता के एक वर्ष के बाद 11 नवंबर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार विजेता शहरों के नाम घोषित किए जाएंगे।

सम्बन्धित खबरें