पीएम जनमन योजना से कमार परिवारों के जीवन में बदलाव, नरहरपुर के 13 गांवों तक पहुंचीं बुनियादी सुविधाएं

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 0 views

22 पक्के आवासों का निर्माण पूरा, पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं का हुआ विस्तार; कमार जनजाति के 28 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

उत्तर बस्तर कांकेर, 13 नवंबर 2026।

केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली पीएम जनमन योजना (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) से कांकेर जिले के नरहरपुर विकासखंड में विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। जिन परिवारों को पहले बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन करना पड़ता था, अब उन तक पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और संचार जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर ये परिवार विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं और बेहतर जीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

नरहरपुर विकासखंड के मावलीपारा, बिहावापारा, मारवाड़ी, धनोरा, सांईमुण्डा, मुसुरपुट्टा, दुधावा, बासनवाही, गंवरसिल्ली, भैंसमुण्डी, दलदली, बादल और डोमपदर सहित 13 गांवों में कमार जनजाति के 79 परिवार निवासरत हैं। इनकी कुल जनसंख्या 304 है। पहले इन परिवारों की आजीविका मुख्य रूप से बांस शिल्प और मजदूरी पर निर्भर थी। सीमित संसाधनों के बीच जीवनयापन करने वाले इन परिवारों तक अब पीएम जनमन मिशन के माध्यम से जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

22 परिवारों का पक्के आवास का सपना हुआ पूरा

पीएम जनमन योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अब तक 22 पक्के आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इससे कमार जनजाति के परिवारों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हुए हैं।

योजना से लाभान्वित परिवारों में भैंसमुण्डी के इतवारूराम शोरी, मुसुरपुट्टा के पनकूराम मरकाम, सरजूराम मरकाम, प्रभुराम मरकाम, राजमन, राधुराम और सगराम शोरी, डोमपदर के मुकेश कुमार नेताम, दलदली की कमलाबाई कमार, भीमाडीह की सोनईबाई शोरी, मावलीपारा की देवलीबाई नेताम, मोतीलाल नेताम, लखनराम नेताम और अंजोरसिंह मरकाम, सांईमुण्डा के नवलसिंह शोरी, दुकाल नेताम और झनकीन नेताम, भीमाडीह के काशीराम मरकाम, सुकमन मरकाम और प्रेमबाई शोरी तथा बादल के देवेन सिंह कुंजाम और रेवती बाई शामिल हैं।

सड़क, बिजली और पेयजल सुविधाओं का विस्तार

कमार जनजाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नल-जल योजना के माध्यम से घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है, वहीं सड़क निर्माण से गांवों की संपर्क व्यवस्था मजबूत हुई है।

दलदली से कमारपारा दलदली, भीमापारा से बासनवाही के बाजारपारा, मावलीपारा के आवासपारा से कमारपारा तथा गंवरसिल्ली से गंवरसिल्ली खासपारा तक सड़क निर्माण कराया गया है। सभी ग्रामों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां बच्चों और महिलाओं को आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

वन धन केंद्र सरोना और नरहरपुर से सभी 13 बसाहटें नजदीक हैं। इससे जनजातीय परिवारों को वन आधारित आजीविका गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। सभी गांवों का विद्युतीकरण किया जा चुका है। मोबाइल टॉवर नेटवर्क की उपलब्धता से ये बसाहटें संचार सुविधा से भी जुड़ गई हैं। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल और मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सरकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रहे परिवार

विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नौ केंद्रीय मंत्रालयों के समन्वय से 11 प्रमुख गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके माध्यम से पात्र परिवारों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कमार जनजाति के सदस्यों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जनधन बैंक खाते, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और जाति प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सुविधाओं से जोड़ा गया है। इसके साथ ही कमार जनजाति के 28 युवाओं को सरकारी नौकरी भी प्रदान की गई है।

बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहे कमार परिवार

पीएम जनमन योजना के माध्यम से कमार जनजातीय परिवारों को आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के साथ उनकी आजीविका को मजबूत करने पर भी काम किया जा रहा है।

दूरस्थ बसाहटों तक विकास सुविधाओं की पहुंच से विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के परिवारों के जीवन स्तर में सुधार की संभावनाएं बढ़ी हैं। इन प्रयासों से परिवारों को आत्मनिर्भर बनने और सम्मानजनक जीवन जीने के नए अवसर मिल रहे हैं।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।