स्वच्छता के राष्ट्रीय सम्मान से लौटी छत्तीसगढ़ की टीम का रायपुर में भव्य स्वागत

  • Admin
  • Nov 12, 2026
  • 2,320 views

 

रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा ने लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

 उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले- सफाई मित्रों और 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों की मेहनत का मिला सम्मान

रायपुर | 12 नवंबर 2026
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का गुरुवार को रायपुर विमानतल पर जोरदार स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के साथ रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के निर्वाचित निकाय प्रमुखों का अभिनंदन करने के लिए सैकड़ों स्वच्छता दीदियां, अधिकारी और कर्मचारी पहुंचे। पारंपरिक लोकनृत्यों और गाजे-बाजे के बीच हुए स्वागत समारोह में तीनों नगरीय निकायों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया। इन प्रतिनिधियों ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए थे।
लगातार दूसरे साल तीनों निकायों ने कायम रखी राष्ट्रीय पहचान
रायपुर पहुंचने पर अरुण साव ने रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय पहचान कायम रहना प्रदेश में हो रहे निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण है। लगातार दो वर्षों तक तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों के अथक परिश्रम, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को दिया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का योगदान अहम
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रदेश की 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का योगदान महत्वपूर्ण है। वे घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रीय सम्मान इन स्वच्छता दीदियों के योगदान का भी सम्मान है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कुछ शहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधापूर्ण बनाना है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।
बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर ने दोहराया उत्कृष्ट प्रदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के तीनों नगरीय निकायों ने इस वर्ष भी स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी राष्ट्रीय पहचान बरकरार रखी है। पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में बिल्हा अपनी श्रेणी में देश में प्रथम स्थान पर रहा था। बिलासपुर ने तीन लाख से दस लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया था। इस बार बिलासपुर ने देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी उपलब्धि को आगे बढ़ाया है।
वहीं, स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में राजधानी रायपुर को छत्तीसगढ़ का ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ पुरस्कार मिला था। इस बार रायपुर को राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
स्वागत समारोह में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित तीनों निकायों के जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें