मांदर की थाप पर झूम उठा लखनपुर, 12 नृत्य दलों ने बिखेरे जनजातीय संस्कृति के रंग

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 5,619 views

करमा महोत्सव में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी कलाकारों के साथ थिरके

परसोदी कला की जय शिव शारदा करमा पार्टी प्रथम, पीपरखार को दूसरा स्थान

लखनपुर (सरगुजा) | 11 नवंबर 2026

मांदर की गूंजती थाप, पारंपरिक करमा गीत और रंग-बिरंगे जनजातीय परिधानों में सजे कलाकारों का सामूहिक नृत्य... बुधवार को लखनपुर का साक्षरता मिनी स्टेडियम जनजातीय लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हो उठा। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव 'करमा महोत्सव' में 12 नृत्य दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों के उत्साह में उस समय और रंग भर गए, जब कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी उनके साथ करमा नृत्य में शामिल होकर थिरकने लगे।

चार सेक्टरों के 12 दलों ने दिखाई प्रतिभा

महोत्सव में लखनपुर विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टरों से पहुंचे 12 नृत्य दलों ने पारंपरिक लोककला और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी परसोदी कला ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आदिवासी करमा दल पीपरखार दूसरे स्थान पर रहा।

वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में शैला पार्टी तराजू ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान हासिल करने वाले दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

'जनजातीय संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि करमा महोत्सव जैसे आयोजन जनजातीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा और पारंपरिक कला प्रदर्शित करने का बेहतर मंच देते हैं। ऐसे आयोजनों से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलती है। मंत्री ने सभी प्रतिभागी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया, विजेता दलों को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

लोक परंपराओं के संरक्षण का बना मंच

करमा महोत्सव केवल नृत्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने जनजातीय समाज की परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक एकता की जीवंत झलक भी पेश की। मांदर की थाप और करमा गीतों के बीच कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोक विरासत को सहेजने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित यह महोत्सव स्थानीय कलाकारों के लिए अपनी कला और प्रतिभा को बड़े मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर बना।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री, एसडीओ आरईएस, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा और आकांक्षी विकासखंड फेलो सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भागीदारी की।

सम्बन्धित खबरें