छोटे शहर का बड़ा कमाल ! बिल्हा देश में नंबर-1, रायपुर और बिलासपुर ने भी बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 5,215 views

 

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान

20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में बिल्हा अव्वल, बिलासपुर को नदी तटवर्ती श्रेणी में दूसरा स्थान

नई दिल्ली| 11 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। सबसे बड़ी उपलब्धि बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा के नाम रही, जिसने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, बिलासपुर शहर ने ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार मिला।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेता नगरीय निकायों को सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और आयुक्तों ने राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस उपलब्धि ने प्रदेश के शहरों में स्वच्छता, जनभागीदारी और बेहतर नगरीय प्रबंधन के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

बिल्हा ने छोटे शहरों के सामने पेश की मिसाल

20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा का देशभर में प्रथम स्थान हासिल करना प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है। इस सफलता ने साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और नागरिकों की भागीदारी से छोटे नगरीय निकाय भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

बिलासपुर को स्वच्छ नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। वहीं, रायपुर नगर निगम ने स्वच्छता के मामले में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। तीनों निकायों की उपलब्धियां राज्य में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और नगरीय सेवाओं में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम हैं।

मुख्यमंत्री बोले- सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति प्रदेशवासियों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा जैसे छोटे नगर का देश में पहला स्थान हासिल करना, बिलासपुर का स्वच्छ नदी तटवर्ती शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त करना और रायपुर का राज्य में अग्रणी रहना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। हमारा लक्ष्य केवल स्वच्छता की रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के प्रयासों का परिणाम

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पुरस्कार निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के साझा प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने बिल्हा की उपलब्धि को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि यह सम्मान छोटे नगरीय निकायों के लिए प्रेरणा है। बेहतर प्रबंधन और जनसहभागिता के जरिए सीमित संसाधनों में भी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

स्वच्छता के साथ नगरीय सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

स्वच्छ सर्वेक्षण के माध्यम से शहरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के प्रयास किए जाते हैं। छत्तीसगढ़ के तीन निकायों को मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और नगरीय सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में हो रहे काम को रेखांकित करता है।

समारोह में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

पुरस्कार वितरण समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे उपस्थित रहीं। इनके साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित थे। राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण करने के साथ छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहराया।

सम्बन्धित खबरें