धमतरी में राज्य स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, नन्ही बालिका बनी आकर्षण का केंद्र

  • Admin
  • Nov 01, 2026
  • 10,987 views

जिला कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने की पूजा-अर्चना, सामूहिक रूप से गाया राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’

धमतरी, 01 नवंबर 2026।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में राज्य स्थापना दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने प्रदेश की अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का सामूहिक गायन किया।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा का स्मरण किया गया। साथ ही प्रदेश की माटी, लोकजीवन, सांस्कृतिक विविधता और मेहनतकश लोगों के योगदान को याद किया गया।

छत्तीसगढ़ महतारी की वेशभूषा में पहुंची नन्ही बालिका

समारोह का विशेष आकर्षण एक नन्ही बालिका रही, जो छत्तीसगढ़ महतारी की पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर कार्यक्रम में शामिल हुई। बालिका को छत्तीसगढ़ महतारी के स्वरूप में देखकर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रसन्नता जताई। सभी ने आत्मीयता से उसका अभिनंदन किया और उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

बालिका की मनमोहक उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। यह दृश्य नई पीढ़ी में अपनी माटी, संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना का सुंदर प्रतीक बना।

कलेक्टर ने दी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में सभी नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

उन्होंने जानकारी दी कि 2 नवंबर को धमतरी में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कलेक्टर ने जिलेवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर मुकेश बजाज, सहायक अधीक्षक गोस्वामी सहित जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें