धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर ने भटगांव उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण, किसान का धान तौलकर परखी व्यवस्था

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 3,696 views

धमतरी, 15 नवंबर 2026। 

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत रविवार से छत्तीसगढ़ सहित धमतरी जिले के 108 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हुई। खरीदी के पहले दिन जिले के 554 पंजीकृत किसानों का टोकन जारी किया गया। पहले दिन लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। खरीदी के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं समिति कर्मचारियों ने विभिन्न केंद्रों में परंपरानुसार कांटा-बांट की पूजा की।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खरीदी के पहले दिन भटगांव उपार्जन केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं और धान खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं किसान का धान तौलकर देखा तथा नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच की। इस दौरान उन्होंने धान बेचने पहुंचे किसानों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने किसानों के पंजीयन, धान के रकबे, बारदाने की उपलब्धता और कांटा-बांट के सत्यापन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाए। खरीदी के बाद धान का व्यवस्थित एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अन्य राज्यों और कोचियों के माध्यम से आने वाले धान पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध धान की आवक पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र में निर्मित चबूतरों का भी निरीक्षण किया और उनकी निर्माण गुणवत्ता देखी। उन्होंने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों में चबूतरों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, ताकि धान का सुरक्षित भंडारण किया जा सके।

उन्होंने समिति कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को धान बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल और किसानों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नमी मापक यंत्र, बारदाना, कांटा-बांट और भंडारण सीमा सहित सभी उपकरणों एवं व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी कर्मचारियों को होनी चाहिए।

जिले में 1.31 लाख से अधिक किसान पंजीकृत

जिले में इस वर्ष कुल 1 लाख 31 हजार 491 किसान पंजीकृत हैं। इनकी कुल पंजीकृत भूमि का रकबा 1 लाख 30 हजार 659 हेक्टेयर है, जबकि धान का कुल पंजीकृत रकबा 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर है। बड़ी संख्या में पंजीकृत किसानों को देखते हुए उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित खरीदी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सभी उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, किसानों के बैठने की सुविधा, तौल उपकरण, नमी मापक यंत्र, बारदाने और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की गई है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

अवैध धान की आवक रोकने चेकपोस्ट और उड़नदस्ता दल गठित

धान खरीदी के दौरान अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले के सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति के साथ उड़नदस्ता दलों का भी गठन किया गया है। ये दल विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिक्री पर नजर रखेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. कल्पना ध्रुव, जिला खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम, सीओसीसीबी गोस्वामी, सुनील सिंह, उपसंचालक सहकारी समिति प्रदीप ठाकुर, तहसीलदार दुर्गा साहू, समिति प्रबंधक देवांगन, पूर्व जनपद सदस्य श्यामा साहू, जनप्रतिनिधि बीथिका विश्वास सहित बड़ी संख्या में किसान, मीडिया प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें