नर्सिंग की रिक्त सीटों पर संयुक्त काउंसिलिंग शुरू, 22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक कर सकेंगे आवेदन

  • Admin
  • Nov 20, 2026
  • 2 views

बीएससी, एमएससी और पोस्ट बेसिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर; सभी पात्र अभ्यर्थियों को दोबारा विकल्प भरकर लॉक करना अनिवार्य

रायपुर, 20 नवंबर 2026। 

छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की काउंसिलिंग संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों को शामिल किया गया है। इस चरण में नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन का अवसर मिलेगा। पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी संस्थान और विषय का दोबारा चयन कर सकेंगे।

सभी पात्र अभ्यर्थियों को दोबारा भरने होंगे विकल्प

संयुक्त काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए अपने विकल्प दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य किया गया है। पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट उन्नयन का विकल्प भी उपलब्ध होगा।

बीएससी नर्सिंग में 10 पर्सेंटाइल तक वाले भी कर सकेंगे पंजीयन

बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी इस चरण में पंजीयन कराकर संस्थान का चयन कर सकेंगे। यह सुविधा केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।

नियमों के अनुसार होगा रिक्त सीटों का समायोजन

संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान शेष रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में परिवर्तन छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार किया जाएगा।

समिति ने अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित आगामी जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी है।

सम्बन्धित खबरें