पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय परचम, पांच पुरस्कारों से हुआ सम्मान

  • Admin
  • Nov 20, 2026
  • 1 views

फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में दूसरा स्थान, बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर, 20 नवंबर 2026। 

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में प्रदेश को पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में प्रथम तथा इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य स्तरीय दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।

समारोह में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिला। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहे।

डिजिटल अडॉप्शन में बड़े बचेली देश में प्रथम

स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 के तहत डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देश में प्रथम और नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर निगम बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला।

यह उपलब्धि पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेनदेन से जोड़ने, उन्हें संस्थागत ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश के लिए गौरव का विषय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पहला और इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान मिलना राज्य में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नवाचारों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पथ विक्रेताओं और छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल देकर सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। यह सम्मान प्रदेश में सुशासन, प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

नगरीय निकायों के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को राज्य स्तर पर दो राष्ट्रीय पुरस्कार तथा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में सम्मान मिलना नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगी।

पुरस्कार समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, विभाग के संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी (मिशन) सुनील अग्रहरी उपस्थित रहे।

इसके अलावा नगर निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की अध्यक्ष पायल गुप्ता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी समारोह में शामिल हुए।

पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, उनकी आजीविका मजबूत करने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार शहरी आजीविका संवर्धन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं।

सम्बन्धित खबरें