पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान के संरक्षण की पहल, मोहला में 88 वैद्यों का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित

  • Admin
  • Nov 19, 2026
  • 5,879 views

औषधीय पौधों के संवर्धन, हर्बल गार्डन और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के प्रमाणीकरण के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहायता दे रहा औषधि पादप बोर्ड

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 19 नवंबर 2026।

छत्तीसगढ़ में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और वैद्यों के सदियों पुराने ज्ञान को संरक्षित करने के साथ औषधीय पौधों के संवर्धन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक वैद्यों को हर्बल गार्डन तैयार करने, औषधीय पौधों के संरक्षण, उपचार पद्धतियों के प्रमाणीकरण और जड़ी-बूटियों के प्रसंस्करण के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी कड़ी में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के वनधन केंद्र गोदाम, मोहला में जिला स्तरीय पारंपरिक वैद्य सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें जिले के 88 पारंपरिक वैद्यों ने भाग लिया और अपने उपचार संबंधी अनुभवों तथा पारंपरिक ज्ञान को साझा किया। सम्मेलन में बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

वन संरक्षण से ही सुरक्षित रहेगा औषधीय पौधों का भंडार

सम्मेलन में मोहला-मानपुर के वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने कहा कि वन, वनौषधि, पारंपरिक वैद्य और उनका ज्ञान एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। वनों के संरक्षण से ही औषधीय पौधों की उपलब्धता बनी रहेगी और वैद्य अपने पारंपरिक ज्ञान के माध्यम से आम लोगों को उपचार का लाभ दे सकेंगे। उन्होंने वैद्यों से वन संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। इस पर सभी वैद्यों ने वन संरक्षण के लिए वन विभाग का साथ देने का संकल्प लिया।

हीलर हर्बल गार्डन और स्कूलों में भी विकसित होंगे औषधीय उद्यान

औषधि पादप बोर्ड के कंसल्टेंट अमित गुप्ता ने बताया कि बोर्ड द्वारा वैद्यों के लिए हीलर हर्बल गार्डन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत वैद्यों के निवास वाले गांवों के स्कूलों में भी हर्बल गार्डन विकसित करने और उनके रखरखाव के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।

इसके अलावा वैद्यों की पारंपरिक उपचार पद्धतियों का क्यूसीआई (QCI) के माध्यम से प्रमाणीकरण कराने की योजना भी संचालित की जा रही है। जड़ी-बूटियों की पिसाई और प्रसंस्करण को आसान बनाने के लिए वैद्य समूहों को निःशुल्क पल्वराइजर मशीन उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है।

पारंपरिक ज्ञान को मिलेगा संरक्षण और प्रोत्साहन

सम्मेलन में पारंपरिक वैद्यों के अनुभवों और ज्ञान को साझा करने के साथ औषधीय पौधों के संरक्षण तथा पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्ज्वल पोरवाल, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण संजय कुर्रे, औषधि पादप बोर्ड के अधिकारी और वैद्य संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें