पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में खेलों से लौटी रौनक, बस्तर ओलंपिक में महिलाओं और बुजुर्गों की भी बढ़ी भागीदारी

  • Admin
  • Nov 19, 2026
  • 4,576 views

छिंदगढ़ में कबड्डी और रस्साकसी में ग्रामीणों ने दिखाया उत्साह, जूनियर और सीनियर वर्ग में हो रहीं विभिन्न खेल स्पर्धाएं

सुकमा, 19 नवंबर 2026। 

बस्तर अंचल के पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में खेलों के प्रति उत्साह और सामुदायिक भागीदारी का नया माहौल देखने को मिल रहा है। इसकी झलक सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026-27 की क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखाई दी। यहां ग्रामीण महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर खेल मैदान पहुंचीं और कबड्डी तथा रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को ग्रामीण खेल उत्सव का स्वरूप दे दिया है।

खेलों के जरिए बदलाव और प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित बस्तर ओलंपिक में दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों के खिलाड़ी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कभी पहुंचविहीन और नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी खेलने पहुंचीं दीपिका मुचाकी ने बताया कि ऐसे आयोजनों से सामुदायिक गतिविधियों के प्रति जुड़ाव बढ़ता है। साथ ही युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलता है।

जूनियर और सीनियर वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं

बस्तर ओलंपिक में युवाओं के साथ अन्य आयु वर्ग के खिलाड़ी भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता के तहत जूनियर और सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

20 नवंबर से विकासखंड और 26 नवंबर से जिला स्तरीय मुकाबले

सुकमा जिले में 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय मुकाबले होंगे। वहीं, 26 और 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम तथा पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

बस्तर ओलंपिक के माध्यम से पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को खेलों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।