बिरसा मुंडा के आदर्श जनजातीय समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की प्रेरणा : ओ.पी. चौधरी

  • Admin
  • Nov 19, 2026
  • 6,362 views

वित्त मंत्री ने जशपुर में धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के संघर्ष को किया याद

जशपुर, 19 नवंबर 2026। 

वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता एवं स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका। जनजातीय समाज को संगठित कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका जीवन साहस, संघर्ष, सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम की अनुपम मिसाल है।

सामाजिक एकता और अधिकारों के लिए किया जागरूक

चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, एकता और अधिकारों के प्रति चेतना जागृत की। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के साथ समाज को संगठित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक अस्मिता और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए भी था। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।

जनजातीय समाज का सशक्तिकरण ही सच्ची श्रद्धांजलि

वित्त मंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष और बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, कृष्णा राय, भरत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें