जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज शुरू, 120 बेटियों को मिलेगा एएनएम प्रशिक्षण

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 6,985 views

जशपुर, 15 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का कार्य है। मरीजों की देखभाल, उपचार और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है। इनमें लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ सैद्धांतिक शिक्षा एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व पर बेटियों को सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से इस दिवस को मनाने की पहल की है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह पर्व आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना सुखद और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने संस्थान की स्थापना एवं संचालन में योगदान देने वाले पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन और सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। साथ ही प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई दी।

15 से अधिक मेडिकल कॉलेज, इस वर्ष पांच नए संस्थान होंगे शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य ही मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार हैं। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन पिछले 25 वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अब मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में नर्सिंग कर्मी मरीजों की निरंतर देखभाल करते हैं। उनकी संवेदनशीलता, सेवाभाव और समर्पण मरीजों के स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। छात्राएं प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी दक्षता के साथ करुणा, सहानुभूति और सेवा की भावना भी विकसित करें।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में मिशन मोड में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा, विशाल वन क्षेत्र, बहुमूल्य वनोपज और उपजाऊ भूमि से समृद्ध प्रदेश है। मेहनतकश जनता इसकी सबसे बड़ी ताकत है। धान के कटोरे के रूप में प्रसिद्ध प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिनका लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती से प्रभावित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी गई है। प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत होने से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

मोदी की गारंटी के वादे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। अब प्रदेश में लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से धान का उपार्जन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रत्येक परिवार को सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रायमुनी भगत ने नर्सिंग कौशल कॉलेज के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वंचित वर्गों के कौशल विकास की दिशा में पहल

उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन का गठन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के बीच गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी के रूप में किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के जनजातीय समूहों सहित अन्य वंचित वर्गों के गरीब युवाओं, महिलाओं एवं तृतीय लिंग समुदाय के लोगों का कौशल विकास और संस्थागत सशक्तीकरण करना है।

आरा में स्थापित नर्सिंग कौशल कॉलेज इसी उद्देश्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यहां व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षणरत छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें