मांदर की थाप पर थिरके मुख्यमंत्री साय, करम महोत्सव में गांवों को 70 लाख की सौगात

  • Admin
  • Nov 04, 2026
  • 12,371 views

 

बनगांव में करम पूजा महोत्सव का समापन; सामाजिक भवन और सीसी रोड के लिए 70 लाख रुपये की घोषणा

आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी जनजातीय विरासत और परंपराओं को भी सहेजे युवा पीढ़ी

जशपुर, 4 नवंबर 2026। जनजातीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था के रंग में रंगे जशपुर जिले के ग्राम बनगांव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मांदर की थाप पर थिरकते नजर आए। फरसाबहार विकासखंड में आयोजित आंचलिक करम पूजा महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। महोत्सव में 6 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता ने जनजातीय संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे उरांव समाज के लोगों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नर्तक दलों ने ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर सामूहिक नृत्य किया। मुख्यमंत्री भी नर्तक दलों के साथ शामिल हुए और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।


बनगांव को सामाजिक भवन और सड़क की सौगात
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए ग्राम बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही बनगांव में अखड़ा और सहसपुर में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि करम परब केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर का प्रतीक है। यह प्रकृति के प्रति प्रेम, आस्था और सम्मान की भावना को अभिव्यक्त करता है। पूर्वजों ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की जो परंपरा विकसित की, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। यह पर्व प्रकृति संरक्षण, सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक जीवन के मूल्यों को मजबूत करता है।


युवाओं को आधुनिकता के साथ संस्कृति की जड़ों से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान यहां की जनजातीय संस्कृति, लोकपर्वों, लोककलाओं और प्रकृति से गहरे जुड़ाव में है। जनजातीय समाज ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। इसका संरक्षण और संवर्धन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आधुनिकता और विकास के साथ आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। युवा पीढ़ी अपनी भाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों, रीति-रिवाजों और पारंपरिक पर्वों से जुड़ी रहे, ताकि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सके। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को पूर्वजों के ज्ञान, जीवनमूल्यों और परंपराओं से परिचित कराने के साथ सामाजिक एकजुटता भी मजबूत करते हैं।


बिरसा मुंडा से वीर नारायण सिंह तक, जनजातीय नायकों के बलिदान को किया याद


मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीर नायकों का योगदान अतुलनीय रहा है। रानी दुर्गावती, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर, गेंद सिंह और वीर बुधु भगत ने अपने साहस, संघर्ष और बलिदान से देश के इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। वहीं शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल और भुखमरी से जूझ रहे लोगों की सहायता के लिए अंग्रेजों के गोदामों से अनाज निकलवाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाया। जनहित और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के कारण अंग्रेजी शासन ने उन्हें फांसी दे दी। इन नायकों का जीवन साहस, त्याग और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।


महतारी वंदन की 33वीं किस्त, किसानों को 3100 रुपये में धान खरीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार माताओं-बहनों, किसानों, गरीबों, श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए काम कर रही है। मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है। दीपावली से पहले महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी कर प्रदेश की माताओं-बहनों को सौगात दी गई। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में यह राशि जारी की गई।
 

उन्होंने कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। लंबित बोनस का भुगतान कर सरकार ने अपना वादा पूरा किया है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 पक्के मकान बन रहे हैं। श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों और पात्र हितग्राहियों को प्रमुख तीर्थस्थलों की निःशुल्क यात्रा कराई जा रही है।
नक्सलवाद से निकलकर शांति और विकास की ओर बढ़ रहा बस्तर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प एवं मार्गदर्शन में नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और बस्तरवासियों के सहयोग से बस्तर अब नक्सलवाद की चुनौती से निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए दौर की ओर बढ़ रहा है। शांति और सुरक्षा का मजबूत वातावरण दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है।


जशपुर में मेडिकल शिक्षा, आर्चरी अकादमी और 400 केवी सब स्टेशन
मुख्यमंत्री ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि जशपुर के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी विकसित की जा रही है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।उन्होंने बताया कि कुनकुरी विकासखंड के हर्राडांड़ में राज्य का पांचवां 400 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अधोसंरचना मजबूत होगी। जिले में सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ जशपुर के प्रत्येक गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल और अधोसंरचना के विकास के साथ जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए जिले को नई ऊंचाइयों तक ले जाना प्राथमिकता है।
 

समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, आंचलिक करम पूजा महोत्सव के अध्यक्ष वेद प्रकाश भगत, कार्यकारी अध्यक्ष बलराम भगत, आयोजन समिति के गुलाब राम, बोधसाय भगत और संजय निकुंज, देवदत्त निकुंज सहित उरांव समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें