मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को दिखाई हरी झंडी

  • Admin
  • Nov 04, 2026
  • 4,533 views

अब गांवों तक पहुंचेगी डिजिटल क्लास

12 से 60 साल के लोगों को वैन में मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण

 

एक महीने तक गांवों में चलेगा प्रशिक्षण, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी की मिलेगी जानकारी


जशपुर, 4 नवंबर 2026। ग्रामीण बच्चों, युवाओं और महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए अब चलती-फिरती डिजिटल पाठशाला गांव-गांव पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनआईआईटी फाउंडेशन ने इंडस टावर्स के सहयोग से यह पहल शुरू की है। इसके तहत जिले के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में 12 से 60 वर्ष तक के नागरिकों को निःशुल्क डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल साक्षरता अब केवल तकनीकी जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसरों का आधार बन चुकी है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक आधुनिक तकनीक की पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। डिजिटल तकनीक का ज्ञान ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को सक्षम बनाने के साथ उन्हें नए अवसरों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।


वैन में आधुनिक उपकरण, मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस भी की
मुख्यमंत्री ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन का अवलोकन कर उसमें उपलब्ध आधुनिक डिजिटल सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने वैन में स्थापित डिजिटल उपकरणों का उपयोग करते हुए ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भी हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने एनआईआईटी फाउंडेशन और इंडस टावर्स के संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
एक महीने का प्रशिक्षण, तीन प्रमुख विषयों पर फोकस
डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन जशपुर विकासखंड के विभिन्न गांवों में पहुंचकर एक महीने का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करेगी। इसमें डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 12 से 60 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों को कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों के उपयोग, इंटरनेट की बुनियादी जानकारी तथा डिजिटल तकनीक के सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ेगी, तकनीकी कौशल विकसित होंगे और डिजिटल विभाजन कम करने में मदद मिलेगी।
शहर जाने की जरूरत कम, गांव में ही मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण
यह वैन चलते-फिरते प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी। इससे ग्रामीणों को डिजिटल शिक्षा हासिल करने के लिए दूरस्थ शहरी केंद्रों तक जाने की जरूरत कम होगी। खासकर बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपने गांव और आसपास ही आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाकर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव और सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर जितेंद्र राठौर, इंडस टावर्स के प्रतिनिधि रजनीश और एनआईआईटी फाउंडेशन की जशपुर टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें