तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा, दराखारिका में 4 करोड़ रुपये से बनेगा नया घाट

  • Admin
  • Nov 15, 2026
  • 8,742 views

जशपुर, 15 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर जशपुर जिले के तपकरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की तथा सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण कराया गया है। वहीं, दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से नए छठ घाट का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस भी पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की भी शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में श्रीमती कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष हेमन्ती साय, भरत साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें