छठ महापर्व पर कुनकुरी को 15.50 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, छठ तालाब का होगा कायाकल्प

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 0 views

पाथ-वे, खेल मैदान और योग स्थल सहित विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं, 3.65 करोड़ की लागत से बनेगा मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन

जशपुर, 16 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर कुनकुरी नगरवासियों को लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत कुनकुरी में मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण तथा छठ तालाब के विकास और कायाकल्प सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से नगर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। कुनकुरी में छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगरों का विकास केवल बुनियादी अधोसंरचना के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।

12 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होगा छठ तालाब का कायाकल्प

छठ तालाब के विकास के लिए 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये की लागत से रिज्युविनेशन कार्य तथा 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये की लागत से विकास कार्य कराया जाएगा। इन कार्यों के माध्यम से तालाब परिसर को आकर्षक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक स्वरूप दिया जाएगा। यहां नागरिकों के टहलने के लिए पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योगाभ्यास के लिए निर्धारित स्थल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इससे छठ तालाब धार्मिक आयोजनों के प्रमुख केंद्र के साथ ही नगरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों का भी सुंदर सार्वजनिक स्थल बनेगा।

3.65 करोड़ की लागत से बनेगा मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन

नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक-01 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन निर्माण से नगरवासियों को सामाजिक समारोहों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। यह भवन स्थानीय कला, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ नगर की सामुदायिक आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कुनकुरी के समग्र विकास को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कुनकुरी में इन विकास कार्यों से नगर की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

छठ महापर्व के अवसर पर इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों के भूमिपूजन से कुनकुरीवासियों में उत्साह का वातावरण रहा। धार्मिक आस्था के प्रमुख स्थल छठ तालाब के कायाकल्प तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए नई अधोसंरचना के निर्माण से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें