डिजिटल टोकन से घर बैठे मिला धान विक्रय का अवसर, किसान दलप्रताप सिंह ने बेचा 78 क्विंटल धान

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 8,547 views

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 2.41 लाख रुपये से अधिक का मिलेगा मूल्य, धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट

एमसीबी, 16 नवंबर 2026। 

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने के साथ ही किसानों में उत्साह का माहौल है। शासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए की गई व्यवस्थाओं का लाभ किसानों को मिलने लगा है। इसी क्रम में एमसीबी जिले के ग्राम कोटाडोल निवासी किसान दलप्रताप सिंह पिता जल सिंह ने कोटाडोल धान उपार्जन केंद्र में अपनी 78 क्विंटल धान की उपज का सफलतापूर्वक विक्रय किया।

किसान दलप्रताप सिंह की कुल कृषि भूमि का रकबा 3.4200 हेक्टेयर दर्ज है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया बेहद आसान रही। उन्हें टोकन के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ी। घर बैठे ही 'टोकन तुंहर' मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर लिया, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत हुई। डिजिटल सुविधा ने धान विक्रय की प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल और सुविधाजनक बना दिया है।

धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं

दलप्रताप सिंह ने बताया कि धान उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। धान की तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं आवश्यक माप उपकरण उपलब्ध हैं। इसके साथ ही पर्याप्त बारदाने, किसानों के बैठने और शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। खरीदी प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होने से किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलेगा धान का मूल्य

किसान ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का निर्णय किसानों के लिए बड़ी राहत और आर्थिक मजबूती का आधार बना है। इस दर से उनके द्वारा बेचे गए 78 क्विंटल धान का कुल मूल्य 2 लाख 41 हजार 800 रुपये निर्धारित होता है। इससे उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर मूल्य मिल रहा है और परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।

किसान हितैषी फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार

दलप्रताप सिंह ने धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था, डिजिटल टोकन सुविधा और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए सराहनीय प्रयास कर रही है। शासन की किसान हितैषी पहल से खेती-किसानी को प्रोत्साहन मिल रहा है और किसानों में नई उम्मीद एवं विश्वास का संचार हो रहा है।

सम्बन्धित खबरें