महासमुंद में धान खरीदी के पहले दिन 573 किसानों से 2116 मीट्रिक टन धान की खरीद

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 6,549 views

दूसरे दिन 960 किसानों ने कटवाया टोकन, 170 उपार्जन केंद्रों में 3887 मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य

महासमुंद, 16 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरे प्रदेश के साथ महासमुंद जिले में भी शुरू हो गया है। किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुगमता को प्राथमिकता देते हुए शुरू हुई खरीदी के पहले दिन जिले में खासा उत्साह देखने को मिला। पहले दिन कुल 573 किसानों से 2116.56 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।

किसान अपनी सुविधानुसार उपार्जन केंद्रों में समितियों के माध्यम से और मोबाइल ऐप 'टोकन तुहर हाथ' के जरिए धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं। दूसरे दिन भी किसानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान कुल 960 किसानों ने धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया। इन किसानों के लिए जिले के 170 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 3887.10 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जारी टोकन में 222 किसानों ने समिति के माध्यम से, जबकि 738 किसानों ने मोबाइल ऐप 'टोकन तुहर हाथ' के जरिए टोकन कटवाया।

डिजिटल टोकन सुविधा से किसानों को राहत

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टोकन व्यवस्था सरल बनाई गई है। अब किसान समिति में जाकर या घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ से बचाव के साथ किसानों के समय और श्रम की बचत हो रही है।

खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, धान की गुणवत्ता का परीक्षण, तौल और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसानों को अपनी उपज का विक्रय करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित हो।

सम्बन्धित खबरें