बागबाहरा के सरस्वती शिशु मंदिर में स्मृति भवन और शिशु वाटिका का भूमि पूजन

  • Admin
  • Nov 04, 2026
  • 6,745 views

11 साल की उम्र में तय किया IAS बनने का लक्ष्य, वित्त मंत्री चौधरी ने विद्यार्थियों से साझा किया संघर्ष का सफर

  सरस्वती शिशु मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख देने की घोषणा, पूर्व छात्रों ने जुटाए 32 लाख
सांसद निधि से अतिरिक्त कक्ष के लिए मिले 10 लाख रुपये, विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर निरंतर परिश्रम करने की सीख


महासमुंद, 4 नवंबर 2026। बागबाहरा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्मृति भवन और शिशु वाटिका के निर्माण की शुरुआत भूमि पूजन के साथ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्मृति भवन निर्माण के लिए अपनी ओर से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। भवन के लिए विद्यालय के पूर्व छात्र अब तक 32 लाख रुपये का सहयोग दे चुके हैं।
सांसद निधि से अतिरिक्त कक्ष के लिए 10 लाख
विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने सांसद निधि से 10 लाख रुपये दिए हैं। इस कक्ष का भूमि पूजन भी वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया। समारोह में विद्यालय परिवार और पूर्व छात्रों के सहयोग से शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की पहल को आगे बढ़ाया गया।
11 साल की उम्र में बनाया था IAS बनने का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने विद्यार्थियों और युवाओं से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करने और उसे हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ लगातार परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने छात्र जीवन से लेकर भारतीय प्रशासनिक सेवा तक के सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 11 वर्ष की उम्र में ही उन्होंने आईएएस अधिकारी बनने का लक्ष्य तय कर लिया था। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और संकल्प के बल पर उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल किया।
चुनौतियों का सामना करने और समाधान खोजने की सीख
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान चौधरी ने कहा कि बदलते समय में केवल शैक्षणिक विषयों की जानकारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि जीवन से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण पहलुओं की समझ भी जरूरी है। उन्होंने भविष्य में सामने आने वाली परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करने तथा समस्याओं के समाधान खोजने को लेकर अपने विचार साझा किए। विद्यार्थियों को धैर्य, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सम्बन्धित खबरें