धान खरीदी से पहले अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों पर निगरानी सख्त

  • Admin
  • Oct 27, 2026
  • 10,878 views

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सिंघोड़ा और रेहटीखोल सहित सीमावर्ती चेक पोस्टों का किया निरीक्षण, अवैध परिवहन पर वाहन जब्त करने के निर्देश

महासमुंद, 27 अक्टूबर 2026। 

आगामी धान खरीदी के मद्देनजर अंतर्राज्यीय सीमाओं पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को ओडिशा सीमा से लगे सरायपाली विकासखंड के अंतर्गत सिरपुर, सिंघोड़ा और रेहटीखोल स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहनों की आवाजाही, दस्तावेजों के सत्यापन, जांच प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वाहनों और दस्तावेजों की जांच में लापरवाही न हो

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चेक पोस्टों पर लगातार निगरानी रखी जाए और जांच प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित तथा प्रभावी बनाया जाए। चेक पोस्टों से गुजरने वाले वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन करने के साथ सभी अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने चेक पोस्टों पर तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई करने को कहा।

अवैध परिवहन पर वाहन जब्त करने के निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि अवैध परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों को नियमानुसार तत्काल जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। अंतर्राज्यीय सीमाओं से आने-जाने वाले वाहनों की निरंतर निगरानी की जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।

सीसीटीवी निगरानी और विभागीय समन्वय पर जोर

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चेक पोस्टों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जांच व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाएं।

निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तेजपाल सिंह ध्रुव, तहसीलदार श्रीधर पंडा तथा खाद्य, सहकारिता और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।