पीएम जनमन योजना से पुन्नी बाई कमार का पक्के घर का सपना हुआ साकार

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 2 views

जर्जर खपरैल के मकान से मिली मुक्ति, अब सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन

महासमुंद, 14 नवंबर 2026। 

प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में मददगार साबित हो रही है। योजना के माध्यम से जिले के कई जरूरतमंद परिवारों के वर्षों पुराने सपने पूरे हो रहे हैं। इसी कड़ी में बागबाहरा विकासखंड के ग्राम कलमीदादर निवासी पुन्नी बाई कमार को पक्का आवास मिला है। अब वे अपने नए घर में सुरक्षित और सम्मान के साथ जीवन बिता रही हैं।

पुन्नी बाई कमार बताती हैं कि पहले वे गांव में पुराने और जर्जर खपरैल वाले कच्चे मकान में रहती थीं। बदलते मौसम के साथ उनकी मुश्किलें भी बढ़ जाती थीं। विशेषकर बारिश के दिनों में टूटे खपरैल से घर के भीतर जगह-जगह पानी टपकता था। ऐसे में घरेलू सामान को सुरक्षित रखना और रात में चैन से सो पाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी।

बारिश के साथ ही छत पर बंदरों की उछलकूद भी परेशानी का कारण बनती थी। बंदरों के झुंड के कूदने से कमजोर खपरैल आए दिन टूट जाते थे। परिवार में अकेली होने के कारण पुन्नी बाई के लिए बार-बार छत की मरम्मत कराना मुश्किल था। न तो उनके पास इसके लिए पर्याप्त शारीरिक सामर्थ्य था और न ही मजदूर लगाकर मरम्मत कराने के लिए आर्थिक संसाधन। इस वजह से उन्हें लंबे समय तक असुरक्षा और परेशानी के बीच रहना पड़ा।

पीएम जनमन से मिला पक्का आशियाना

पुन्नी बाई की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पीएम जनमन योजना के तहत उनका पक्का आवास स्वीकृत किया। योजना से समय पर आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन मिलने के बाद उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया। कच्चे मकान से पक्के घर में प्रवेश करना उनके जीवन का बेहद सुखद और भावुक पल रहा।

अब पुन्नी बाई कमार अपने पक्के आशियाने में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रही हैं। पीएम जनमन योजना ने उन्हें न केवल जर्जर मकान की परेशानियों से राहत दिलाई, बल्कि जीवन में सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया आधार भी दिया है।

सम्बन्धित खबरें