स्वनिधि महोत्सव में पथ विक्रेताओं से मिले उप मुख्यमंत्री अरुण साव, चाय की चुस्की के साथ जाना कारोबार का हाल

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 0 views

महिला पथ विक्रेताओं के साथ किया भोजन, पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव

रायपुर, 14 नवंबर 2026। 

राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आयोजित स्वनिधि महोत्सव में पथ विक्रेताओं के आत्मनिर्भरता के अनुभव सामने आए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने विभिन्न फूड स्टॉल का भ्रमण किया और पथ विक्रेताओं से सीधे संवाद कर उनके व्यवसाय की जानकारी ली।

स्टॉल के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने एक स्ट्रीट वेंडर के हाथों बनी चाय का आनंद लिया। उन्होंने मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्की ली। उनके साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कुल्हड़ वाली चाय का स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने पथ विक्रेताओं से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभ और उनके व्यवसाय में आए बदलावों के बारे में फीडबैक भी लिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर भोजन किया।

ऋण से ठेले का कारोबार बढ़ाया, परिवार की स्थिति में आया सुधार

स्वनिधि महोत्सव में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के दो लाभार्थियों ने उप मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए।

धमतरी के दिलीप यादव ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत पहले चरण में 10 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू किया। समय पर ऋण की किस्तें चुकाने के बाद उन्होंने व्यवसाय बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया। वे ठेले पर प्लास्टिक के सामान बेचते हैं। उन्होंने बताया कि योजना से मिले ऋण की मदद से उनका कारोबार आगे बढ़ा और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया।

सिलाई के काम को मिला विस्तार, परिवार का जीवन हुआ बेहतर

फिंगेश्वर की सुशीला श्रीवास्तव ने भी उप मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे सिलाई का काम करती हैं। योजना के पहले चरण में मिले 10 हजार रुपये के ऋण की किस्तें चुकाने के बाद उन्होंने अपना काम बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार रुपये और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया।

सुशीला ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना से उनके कामकाज और परिवार की आर्थिक स्थिति में काफी बदलाव आया है। अब वे और उनका परिवार पहले की तुलना में बेहतर तरीके से जीवनयापन कर रहे हैं।

स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से पथ विक्रेताओं की मेहनत, संघर्ष और आत्मनिर्भर बनने की कहानियों को मंच मिला। योजना से मिल रही आर्थिक सहायता छोटे कारोबारियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में मददगार साबित हो रही है।

सम्बन्धित खबरें