महतारी वंदन योजना से शांति पहाड़ी कोरवा को मिला सहारा, बच्चों की जरूरतें पूरी करने में हो रही मदद

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 0 views

चार बच्चों की परवरिश में आर्थिक सहायता बनी संबल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

जनजातीय गौरव दिवस विशेष : सशक्त नारी, समृद्ध छत्तीसगढ़

सरगुजा, 14 नवंबर 2026। 

महतारी वंदन योजना जनजातीय समाज की महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और परिवार की जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने का माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की महिलाएं भी लाभान्वित हो रही हैं। इससे उन्हें परिवार की जरूरतें पूरी करने और बच्चों की परवरिश में आर्थिक योगदान देने में मदद मिल रही है।

सरगुजा जिले के ग्राम मानिकप्रकाशपुर निवासी शांति पहाड़ी कोरवा के लिए महतारी वंदन योजना की राशि बच्चों की जरूरतें पूरी करने में सहारा बनी है। चार बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहीं शांति बताती हैं कि उन्हें योजना के तहत हर महीने आर्थिक सहायता मिलती है। इस राशि का उपयोग वह बच्चों के खर्च और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। नियमित रूप से मिलने वाली सहायता से परिवार के खर्चों का प्रबंधन करने में उन्हें काफी मदद मिल रही है।

शांति पहाड़ी कोरवा ने योजना के लाभ के बारे में बताते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से बच्चों का खर्च चलाने में काफी मदद मिलती है। वह हर महीने मिलने वाले पैसे बच्चों की जरूरतों पर खर्च करती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हैं।

पात्र महिलाओं को हर महीने मिलते हैं एक हजार रुपये

उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे अंतरित की जाती है। इस राशि से महिलाएं अपनी व्यक्तिगत और पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहयोग प्राप्त कर रही हैं।

सम्बन्धित खबरें